मुंबई : लगभग एक महीने तक चले चुनावी प्रचार के बाद गुरुवार को मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के 227 वार्डों के लिए मतदान संपन्न हुआ। मतदान की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन दोपहर के बाद रफ्तार पकड़ते हुए मुंबई में कुल लगभग 55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह आंकड़ा वर्ष 2017 के बीएमसी चुनाव के मतदान प्रतिशत के लगभग बराबर है।
हालांकि नौ साल बाद चुनाव होने के बावजूद मतदाताओं में अपेक्षित उत्साह देखने को नहीं मिला। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार दोपहर 3:30 बजे तक मतदान प्रतिशत 41.08 रहा, जबकि मतदान का समय शाम 5:30 बजे तक निर्धारित था। शाम तक कुल मतदान लगभग 55 प्रतिशत तक पहुंचा।
चरणवार मतदान प्रतिशत
सुबह 9:30 बजे तक – 7.03%
सुबह 11:30 बजे तक – 17.73%
दोपहर 1:30 बजे तक – 29.22%
दोपहर 3:30 बजे तक – 41.08%
1.03 करोड़ मतदाता, 1700 उम्मीदवार मैदान में
मुंबई में कुल 1 करोड़ 3 लाख 44 हजार मतदाता हैं, जिनमें
55,16,707 पुरुष
48,26,509 महिला मतदाता शामिल हैं।
इस चुनाव में करीब 1700 उम्मीदवारों ने अपना राजनीतिक भविष्य दांव पर लगाया है। मतदान के बाद सभी ईवीएम मशीनें सील कर दी गई हैं और कल सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू होगी।
मतदान केंद्रों पर अव्यवस्था
कई मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची में नाम न मिलने को लेकर अफरा-तफरी देखने को मिली। दोहरे मतदाता को लेकर चल रही राजनीति के बावजूद इसका खास असर मतदान पर नहीं दिखा। वहीं, मतदाताओं की उंगली पर लगाई जाने वाली स्याही पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।
चार साल बाद खत्म हुआ इंतजार
गौरतलब है कि बीएमसी चुनाव फरवरी 2022 में होने थे, लेकिन कोरोना काल और ओबीसी आरक्षण को लेकर मामला अदालत में लंबित रहने के कारण चुनाव टलते रहे। अंततः सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चुनाव कराए गए, जिससे चार साल से चला आ रहा इंतजार गुरुवार को समाप्त हुआ।
पच्चीस साल बाद सत्ता परिवर्तन के आसार?
बीएमसी पर पिछले 25 वर्षों से उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना का कब्जा रहा है। शिवसेना में दो फाड़ के बाद यह पहला बीएमसी चुनाव है। वहीं, करीब 20 साल बाद राज ठाकरे की मनसे और उद्धव ठाकरे के बीच गठबंधन ने चुनाव को और रोचक बना दिया।
पूरे चुनाव में मराठी बनाम अमराठी और महापौर मराठी ही होगा जैसे मुद्दे चर्चा में रहे। मतदान के बाद आए एग्जिट पोल संकेत दे रहे हैं कि मुंबई में 25 साल बाद सत्ता परिवर्तन संभव है।
अब सभी की निगाहें आज आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई महानगरपालिका पर किसका कब्जा होगा—
ठाकरे बंधुओं का या भाजपा-शिवसेना महायुति का।


