छत्रपति संभाजीनगर में गर्मी से पहले जल संकट पर सख्ती, 25 फरवरी तक मांगी विस्तृत कार्ययोजना

Thecity news
4 Min Read

मेयर समीर राजूरकर के निर्देश: जल वितरण अंतराल कम करें, अनियमितता खत्म हो

छत्रपति संभाजीनगर शहर में आगामी गर्मी के दौरान पानी की कमी न हो और प्रत्येक नागरिक को नियमित व पर्याप्त जल आपूर्ति मिल सके, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेयर Sameer Rajurkar ने प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि जल वितरण में हो रही अनियमितता समाप्त करने और आपूर्ति के अंतराल को कम करने के लिए 25 फरवरी तक विस्तृत एवं व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए।

पदभार संभालते ही किया निरीक्षण

पदभार ग्रहण करने के दूसरे ही दिन मेयर ने चिकलथाना से सिडको क्षेत्र तक जल वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। विभिन्न स्थानों पर आ रही तकनीकी समस्याओं की जानकारी ली गई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए।

इसके बाद शहर में जल आपूर्ति के अंतराल को कम करने के लिए समीक्षा बैठक बुलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मेयर समीर राजूरकर, उपमहापौर राजेंद्र जंजाल, आयुक्त जी. श्रीकांत और जल आपूर्ति विभाग के समन्वयक ए.बी. देशमुख, के.एम. फालक, अनिल तनपुरे, किरण धांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

आठ दिन में एक बार पानी, सुधार जरूरी

मेयर ने कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में आठ दिन में एक बार पानी दिया जा रहा है, जो चिंताजनक स्थिति है। गर्मी शुरू होने से पहले इस व्यवस्था में सुधार आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को दस दिनों के भीतर जल वितरण अंतराल कम करने के ठोस प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

फारोला जल शुद्धिकरण केंद्र की सीमित क्षमता

आयुक्त जी. श्रीकांत ने जानकारी दी कि फारोला स्थित जल शुद्धिकरण केंद्र की क्षमता अभी 75 एमएलडी तक नहीं पहुंची है। फिलहाल वहां से केवल 25 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो रही है। पूर्ण क्षमता का केंद्र स्थापित होने के बाद ही 75 एमएलडी जलापूर्ति संभव हो सकेगी।

समयसारिणी में हस्तक्षेप न करने की अपील

मनपा आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जल आपूर्ति को नियमित रखने के लिए तय समयसारिणी का पालन जरूरी है। कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने क्षेत्रों में पहले पानी छोड़ने का दबाव बनाया जाता है, जिससे पूरी व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने ऐसे हस्तक्षेप से बचने की अपील की।

अनधिकृत जल कनेक्शनों की पहचान में सहयोग करने का भी आग्रह किया गया। पाइपलाइन में रिसाव, ट्रांसफार्मर खराब होने और अन्य तकनीकी बाधाओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सातारा देवलाई क्षेत्र में बढ़ता संकट

शहर में शामिल सातारा देवलाई क्षेत्र में जलस्तर काफी नीचे चला गया है। बैठक में इस क्षेत्र में टैंकर आपूर्ति बढ़ाने पर विशेष चर्चा नहीं हुई, लेकिन गर्मी बढ़ने के साथ यहां जल संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है। मनपा प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि 25 फरवरी तक प्रस्तुत की जाने वाली कार्ययोजना के आधार पर त्वरित कदम उठाए जाएंगे।

जब्त रेत ट्रक गायब होने का मामला

इसी बीच शहर में अवैध रेत बिक्री प्रकरण में जब्त किया गया रेत से भरा हाइवा ट्रक अप्पर तहसील कार्यालय परिसर से बिना अनुमति ले जाने का मामला सामने आया है। सिटीचौक पुलिस थाने में अशफाक पठान और अब्दुल पठान नामक दो संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मंडल अधिकारी अजित गावंडे ने गौण खनिज टीम की कार्रवाई के दौरान ट्रक को जब्त कर कार्यालय परिसर में खड़ा किया था।

Share This Article