590 करोड़ का IDFC फर्स्ट बैंक घोटाला: मास्टरमाइंड समेत 5 गिरफ्तार, IAS अफसरों पर भी शक की सुई

Thecity news
3 Min Read

हरियाणा ACB की बड़ी कार्रवाई, सरकारी खातों से करोड़ों की निकासी मामले में जांच का दायरा बढ़ा

चंडीगढ़/पंचकूला: हरियाणा में सरकारी खजाने में सेंध लगाने वाले ₹590 करोड़ के बैंक घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला IDFC First Bank से जुड़ा है, जिसमें सरकारी विभागों के खातों से भारी रकम निकाले जाने का आरोप है।

ACB ने मंगलवार देर रात कार्रवाई करते हुए पूर्व बैंक मैनेजर रिभव ऋषि और उसके चार साथियों—अभिषेक सिंगला, अभय और स्वाति सहित एक अन्य आरोपी—को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है, क्योंकि जांच की आंच अब कई सरकारी दफ्तरों और अधिकारियों तक पहुंच सकती है।

कौन है मास्टरमाइंड रिभव ऋषि?

जांच में सामने आया है कि रिभव ऋषि पहले IDFC First Bank में मैनेजर के पद पर तैनात था। वर्तमान में वह जीरकपुर (चंडीगढ़ के पास) स्थित AU Small Finance Bank में मैनेजर के रूप में कार्यरत था।

आरोप है कि उसने बैंकिंग सिस्टम की अंदरूनी जानकारी का दुरुपयोग करते हुए फर्जी कंपनियां बनाई और अपने साथियों के साथ मिलकर हरियाणा सरकार के 18 विभागों के खातों से लगभग ₹590 करोड़ की राशि निकाल ली। यह पूरी साजिश सुनियोजित तरीके से रची गई थी।

IAS अफसरों पर भी गहराया संदेह

घोटाले की परतें खुलने के साथ ही कई वरिष्ठ नौकरशाहों पर भी सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ IAS अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब संबंधित 18 विभागों का मुख्यालय पंचकूला में स्थित है, तो उनके खाते चंडीगढ़ के बैंकों में क्यों खोले गए? क्या इसके पीछे किसी प्रकार का निजी लाभ या मिलीभगत थी?

सरकार को इस वित्तीय अनियमितता की जानकारी पिछले वर्ष जुलाई में मिल गई थी। इसके बाद वित्त विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (ACS) ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए थे।

मुख्यमंत्री का बयान और आगे की कार्रवाई

हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने विधानसभा में कहा कि बैंक से ब्याज सहित पूरी राशि की रिकवरी कर ली गई है। हालांकि, रिकवरी के बावजूद सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

IDFC First Bank और AU Small Finance Bank को सरकारी पैनल में शामिल करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की जा रही है। ACB यह जांच कर रही है कि इस घोटाले में बैंक के कितने मौजूदा कर्मचारी शामिल हैं और बाहरी नेटवर्क कितना बड़ा है।

जांच आगे बढ़ने के साथ ही इस बहुचर्चित घोटाले में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article