मुंबई की पहचान बन चुकी मुंबई डब्बेवाला सेवा ने एक बार फिर शहर की सेवा संस्कृति को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित किया है।
महापौर रितू तावडे ने बांद्रा (पश्चिम) स्थित मुंबई डब्बेवाला अंतरराष्ट्रीय अनुभव केंद्र के दौरे के दौरान डब्बेवालों की कार्यप्रणाली, अनुशासन और समयपालन की सराहना की।
डब्बेवाला थीम पर बनेगा मुंबई का प्रवेश द्वार
महापौर ने बताया कि मुंबई के प्रस्तावित प्रवेश द्वारों में से एक को डब्बेवाला थीम पर विकसित करने की योजना है।
इसके साथ ही डब्बेवालों को जल्द ही 105 ई-बाइक्स उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता और डिलीवरी सिस्टम को और मजबूती मिलेगी।
135 साल पुरानी सेवा, आज भी उतनी ही मजबूत
महापौर ने डब्बों के वर्गीकरण, कोडिंग और वितरण प्रणाली को नजदीक से देखा और डब्बेवालों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी समझीं।
उन्होंने कहा कि करीब 135 वर्षों से लगातार चल रही यह सेवा केवल भोजन पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि उत्कृष्ट प्रबंधन और टीमवर्क का अनोखा उदाहरण है।
डब्बेवाला प्रतिनिधियों के अनुसार, यह सेवा 1890 में शुरू हुई थी और आज प्रतिदिन लगभग 1 लाख डिब्बों का वितरण किया जाता है।
मानवीय पहल: बीमार डब्बेवाला से अस्पताल में मुलाकात
दौरे के दौरान एक भावनात्मक पल भी सामने आया, जब डब्बेवाला संगठन के सदस्य दिनेश आरडे को हृदयाघात के बाद कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महापौर तुरंत अस्पताल पहुंचीं और उनकी स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि यह सेवा आज भी लाखों मुंबईकरों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है।
दुनिया भर में मिसाल बना डब्बेवाला मॉडल
मुंबई डब्बेवाला सेवा की समय की पाबंदी और सटीकता के कारण यह मॉडल दुनियाभर के प्रबंधन विशेषज्ञों के लिए अध्ययन का विषय बन चुका है।
यह सेवा सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतरीन समन्वय और अनुशासन का उदाहरण पेश करती है।

