देश की आर्थिक राजधानी Mumbai में ट्रैफिक की समस्या को कम करने के लिए बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम जारी है। मेट्रो, कोस्टल रोड के विस्तार के साथ अब शहर की सबसे गहरी अंडरग्राउंड रोड टनल का निर्माण भी रफ्तार पकड़ चुका है। यह टनल Marine Drive को सीधे Orange Gate से जोड़ेगी, जिससे शहर के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आएगा।
मेन टनलिंग ड्राइव शुरू, प्रोजेक्ट ने हासिल किया बड़ा माइलस्टोन
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को Mumbai Metropolitan Region Development Authority द्वारा विकसित किया जा रहा है। हाल ही में टनल का मेन ड्राइव शुरू कर दिया गया है, जो इस प्रोजेक्ट के लिए एक बड़ा माइलस्टोन माना जा रहा है। अत्याधुनिक स्लरी शील्ड टनल बोरिंग मशीन (TBM) के जरिए कुछ ही दिनों में करीब 70 मीटर की खुदाई भी पूरी कर ली गई है। इस मशीन को 3 दिसंबर 2025 को Devendra Fadnavis और Eknath Shinde ने लॉन्च किया था।
75 मीटर से ज्यादा गहराई पर बन रही टनल
यह टनल मुंबई के घनी आबादी वाले इलाकों और ऊंची इमारतों के नीचे से गुजर रही है, इसलिए इसे 75 मीटर से अधिक गहराई पर बनाया जा रहा है। इससे पहले Malabar Hill के नीचे बनी कोस्टल रोड टनल की अधिकतम गहराई 72 मीटर थी, लेकिन यह प्रोजेक्ट उससे भी अधिक गहरा और तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण है।
7 किमी लंबी जुड़वा सुरंग, हाईटेक डिजाइन
इस प्रोजेक्ट की कुल लंबाई करीब 9.96 किमी है, जिसमें लगभग 7 किमी हिस्सा जमीन के नीचे जुड़वा (ट्विन-ट्यूब) सुरंग के रूप में बनाया जा रहा है। हर टनल में:
- दो ट्रैफिक लेन (3.2 मीटर चौड़ाई)
- एक इमरजेंसी लेन (2.5 मीटर चौड़ाई)
पहली टनल करीब 3.45 किमी लंबी होगी, जो सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे कॉरिडोर के साथ Mumbai Metro Line 3 के नीचे से गुजरेगी।
अटल सेतु और ईस्टर्न फ्रीवे से सीधा कनेक्शन
यह टनल Eastern Freeway के जरिए सीधे Atal Setu से जुड़ जाएगी। इसके पूरा होने के बाद मरीन ड्राइव से ऑरेंज गेट तक पहुंचने में जहां अभी 35-40 मिनट लगते हैं, वहीं भविष्य में यह दूरी सिर्फ 5 मिनट में तय की जा सकेगी।
8,056 करोड़ का प्रोजेक्ट, 2028 तक पूरा होने का लक्ष्य
करीब 8,056 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य साउथ मुंबई की भीड़भाड़ वाली सड़कों को बाईपास करना है। यह टनल लगभग 700 इमारतों, हेरिटेज साइट्स और मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर के नीचे से होकर गुजरेगी। वर्तमान में प्रोजेक्ट का करीब 16% काम पूरा हो चुका है और इसे जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

