महाराष्ट्र में महिलाओं के लिए चलाई जा रही लाडकी बहिन योजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिती तटकरे ने जानकारी दी है कि पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि जमा करने की तकनीकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अगले 2 से 3 दिनों के भीतर महिलाओं के खातों में 1500 रुपये की सम्मान निधि पहुंचने की उम्मीद है।
सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही राशि
मंत्री अदिती तटकरे के अनुसार, योजना के तहत दी जाने वाली 1500 रुपये की राशि लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में डायरेक्ट ट्रांसफर की जा रही है। इस घोषणा के बाद राज्यभर की महिलाओं में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
पिछली किस्त फरवरी में हुई थी जारी
गौरतलब है कि जनवरी महीने की किस्त 23 फरवरी को जारी की गई थी। इसके बाद से ही लाभार्थी फरवरी माह की राशि का इंतजार कर रही थीं। अब सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि भुगतान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही सभी पात्र महिलाओं को लाभ मिल जाएगा।
सरकार का फोकस महिलाओं के सशक्तिकरण पर
राज्य सरकार ने बताया कि यह योजना देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
ई-केवाईसी जरूरी, 31 मार्च तक सुधार का मौका
योजना का लाभ बिना रुकावट पाने के लिए ई-केवाईसी पूरा होना अनिवार्य है। जिन महिलाओं ने आवेदन के दौरान गलत जानकारी दर्ज कर दी थी, उन्हें सुधार का अंतिम मौका दिया गया है।
समय सीमा नजदीक, जल्द करें अपडेट
महिला एवं बाल विकास विभाग ने ई-केवाईसी और डेटा सुधार के लिए 31 मार्च 2026 तक की अंतिम तिथि तय की है। प्रशासन ने अपील की है कि सभी लाभार्थी समय रहते अपनी जानकारी अपडेट करा लें, ताकि भविष्य में भुगतान में कोई समस्या न आए।

