मौसम अपडेट: देशभर में बदलता मिजाज, 20 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट; पहाड़ों में बर्फबारी जारी

Thecity news
3 Min Read

मार्च के अंतिम दिनों में देशभर में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कहीं गर्मी का असर दिख रहा है तो कहीं बारिश और ठंड का अहसास हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत करीब 20 राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है।

दिल्ली-NCR में सुहाना रहेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में शनिवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। IMD के अनुसार, 30 मार्च तक दिल्ली-NCR में रुक-रुक कर बारिश और बिजली चमकने की संभावना बनी रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

यूपी-बिहार में अलर्ट, कई जिलों में ओलावृष्टि की आशंका

उत्तर प्रदेश के करीब 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है और कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं। वहीं बिहार के 8 जिलों में खराब मौसम की चेतावनी दी गई है, जहां तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

राजस्थान-मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर

राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके चलते अगले 2-3 दिनों तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं।
मध्य प्रदेश में भी 29 मार्च से मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

पंजाब-चंडीगढ़ में तेज हवाएं और बारिश

पंजाब और चंडीगढ़ में अगले तीन दिनों तक तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी

हिमाचल प्रदेश में 30 मार्च तक कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि 31 मार्च को भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड के 7 जिलों में भी रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन, 7 लोगों की मौत

जम्मू और कश्मीर में श्रीनगर-लेह हाईवे पर हिमस्खलन की बड़ी घटना सामने आई है। इस हादसे में कई वाहन बर्फ में दब गए और 7 लोगों की जान चली गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

Share This Article