एम्स दिल्ली में MBBS परीक्षा में AI से नकल का आरोप, बायोकेमिस्ट्री पेपर रद्द कर दोबारा परीक्षा आयोजित

Thecity news
3 Min Read

देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान All India Institute of Medical Sciences में एमबीबीएस परीक्षा के दौरान एआई के जरिए नकल करने का मामला सामने आने से मेडिकल शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बायोकेमिस्ट्री के प्रश्नपत्र में कथित तौर पर छात्रों द्वारा ChatGPT का इस्तेमाल कर उत्तर खोजने की बात सामने आई है।

शौचालय में छिपाकर रखा गया मोबाइल, AI से हल किए सवाल

जानकारी के अनुसार, परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित था और इंटरनेट सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी। इसके बावजूद कुछ छात्रों ने कथित रूप से शौचालय में मोबाइल फोन छिपाकर रखा।
परीक्षा शुरू होने के बाद अचानक बड़ी संख्या में छात्रों द्वारा बार-बार शौचालय जाने की अनुमति मांगने पर संदेह हुआ। जांच में पता चला कि छात्र शौचालय में जाकर मोबाइल के जरिए प्रश्नपत्र स्कैन कर ChatGPT से उत्तर देख रहे थे।

बताया जा रहा है कि करीब 50-60 छात्रों ने इस तरीके का इस्तेमाल किया।

पेपर रद्द, दोबारा परीक्षा का फैसला

मामले की जानकारी मिलते ही संस्थान प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बायोकेमिस्ट्री का पेपर रद्द कर दिया और छात्रों की दोबारा परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया। हालांकि, इस घटना में शामिल छात्रों के खिलाफ किसी सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।

संस्थान की सफाई, एक मोबाइल से खुला मामला

संस्थान की ओर से स्पष्टीकरण देते हुए मीडिया प्रभारी डॉ. रीमा दादा ने कहा कि एक छात्र का मोबाइल शौचालय में छूट गया था। बाद में अन्य छात्रों ने उसे देखा और उसी के माध्यम से प्रश्नपत्र अपलोड कर उत्तर देखने की कोशिश की।
उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया, जिसके बाद पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।

टॉप संस्थान में नकल से उठे सवाल

All India Institute of Medical Sciences में एमबीबीएस की कुल 125 सीटें हैं, जहां प्रवेश केवल NEET UG में शीर्ष रैंक हासिल करने वाले प्रतिभाशाली छात्रों को ही मिलता है।
ऐसे में इस तरह की घटना ने न सिर्फ संस्थान की साख बल्कि मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article