बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास गरीब नगर झोपड़पट्टी पर बड़ी कार्रवाई, रेलवे ने सैकड़ों अवैध ढांचे तोड़े

Thecity news
4 Min Read

मुंबई हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद चला बुलडोजर

बांद्रा रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से में रेलवे पटरियों से सटी गरीब नगर झोपड़पट्टी पर मंगलवार को पश्चिम रेलवे प्रशासन ने बड़ी तोड़क कार्रवाई की। मुंबई हाईकोर्ट के 29 अप्रैल 2026 के आदेश और सर्वोच्च न्यायालय की मुहर मिलने के बाद रेलवे ने जेसीबी की मदद से तीन से चार मंजिला सैकड़ों अवैध झोपड़ों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल, रेलवे सुरक्षा बल, एम्बुलेंस और अग्निशमन दल मौके पर तैनात रहे।

नौ साल चली कानूनी प्रक्रिया के बाद हुई कार्रवाई

पश्चिम रेलवे प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई। सार्वजनिक परिसर अधिनियम के तहत वर्ष 2017 से पहले ही प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी और 27 नवंबर 2017 को बेदखली के आदेश जारी किए गए थे। करीब नौ वर्षों तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद हाईकोर्ट ने अतिक्रमण हटाने की अनुमति दी।

रेलवे ने स्पष्ट किया कि संयुक्त सर्वेक्षण में पात्र पाए गए लगभग 100 झोपड़ों को सुरक्षित रखा जाएगा और उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

रेलवे बोला- सुरक्षा और रेल संचालन के लिए जरूरी था कदम

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक गरीब नगर का इलाका रेलवे सुरक्षा क्षेत्र में आता है। पटरियों के बेहद करीब बनी अवैध बस्ती से यात्रियों और स्थानीय लोगों की जान को खतरा बना हुआ था। इसके अलावा यह अतिक्रमण मुंबई की व्यस्त रेल लाइनों पर क्षमता विस्तार में भी बड़ी बाधा बन रहा था।

रेलवे का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं शुरू करने और रेलवे ढांचे के विस्तार का रास्ता साफ होगा। प्रशासन ने बताया कि यह अभियान 23 मई तक जारी रहेगा।

बार-बार बसती रही गरीब नगर बस्ती, प्रशासन पर उठे सवाल

गरीब नगर झोपड़पट्टी का इतिहास लंबे समय से विवादों में रहा है। पिछले डेढ़ दशक में यहां तीन बार भीषण आग लग चुकी है और कम से कम पांच बार बड़ी तोड़क कार्रवाई हो चुकी है। दावा किया जाता है कि पात्र झोपड़ा धारकों को पहले भी दो बार वैकल्पिक मकान आवंटित किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद बस्ती फिर से पहले से ज्यादा बड़े क्षेत्र और ऊंचाई के साथ बसती रही।

स्थानीय लोगों और यात्रियों ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं कि आखिर ऐसी कौन सी ताकतें हैं जो हर कार्रवाई के बाद इस बस्ती को दोबारा खड़ा कर देती हैं। लोगों ने यह भी नाराजगी जताई कि जब अवैध निर्माण हो रहे थे तब संबंधित अधिकारी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे थे।

किरीट सोमैया लगातार उठाते रहे मुद्दा

किरीट सोमैया लंबे समय से गरीब नगर झोपड़पट्टी के खिलाफ अभियान चलाते रहे हैं। इलाके में रेल पटरियों के बीच पशुपालन, बच्चों के खेलने और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। एक विदेशी यूट्यूबर द्वारा साझा किए गए वीडियो के बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आया था।

Share This Article