मुंबई में 40 करोड़ का GST घोटाला उजागर, अमित उपाध्याय गिरफ्तार; फर्जी ITC नेटवर्क का खुलासा

Thecity news
3 Min Read

देश की आर्थिक राजधानी Mumbai में करोड़ों रुपये के GST घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है। बनावटी GST बिल और फर्जी लेनदेन के जरिए लगभग 40 करोड़ रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी करने के आरोप में जीएसटी विभाग ने अमित उपाध्याय को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी कई कंपनियों के जरिए फर्जी इनवॉइस बनाकर अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल कर रहा था।

डीजीजीआई जांच में फर्जी ITC नेटवर्क का खुलासा

डीजीजीआई की जांच में सामने आया कि बिना किसी वास्तविक वस्तु या सेवा की आपूर्ति के केवल फर्जी बिलों के आधार पर ITC लिया गया। अधिकारियों के अनुसार इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये का फर्जी टैक्स क्रेडिट अलग-अलग कंपनियों में ट्रांसफर किया गया, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा।

अमित उपाध्याय 8 कंपनियों के डायरेक्टर

जांच एजेंसियों के अनुसार अमित उपाध्याय अल्फानिऑन टेकसॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (ATPL) समेत ‘अल्फानेऑन ग्रुप’ की 8 कंपनियों के डायरेक्टर और अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता हैं। उन्हें 14 मई 2026 को मुंबई में वरिष्ठ आसूचना अधिकारी चंद्रशेखर तिवारी द्वारा गिरफ्तार किया गया।

पुलिस और ED में भी शिकायत दर्ज

मामले में आरोपी के खिलाफ Enforcement Directorate (ED) और एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई है। अनिस खान ने भी आर्थिक धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। अब मुंबई पुलिस और ED दोनों मामले की अलग-अलग जांच कर रहे हैं।

20.19 करोड़ का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट

जांच में यह भी सामने आया है कि एटीपीएल कंपनी ने बंद हो चुके या अस्तित्वहीन सप्लायर्स के जरिए करीब 20.19 करोड़ रुपये का फर्जी ITC प्राप्त किया। अधिकारियों के अनुसार पूरे नेटवर्क के जरिए लगभग 37.67 करोड़ रुपये का अवैध ITC हासिल किया गया, जबकि करीब 40.29 करोड़ रुपये का फर्जी टैक्स क्रेडिट अन्य कंपनियों को आगे ट्रांसफर किया गया।

पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे

जीएसटी विभाग ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस फर्जी GST नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि मामले में ED और मुंबई पुलिस भी जल्द आरोपी से पूछताछ कर सकती है।

Share This Article