मुंबई-पुणे-हैदराबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार, DPR फाइनल; 3 घंटे से कम में पूरा होगा सफर

Thecity news
3 Min Read

देश के नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर बड़ा अपडेट, 671 किमी लंबा होगा प्रोजेक्ट

देश की पहली बुलेट ट्रेन का फर्स्ट लुक सामने आने के बाद अब मुंबई-पुणे-हैदराबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को लेकर बड़ा अपडेट आया है। नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने तेलंगाना सरकार को जानकारी दी है कि रूट सर्वे पूरा होने के बाद इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को अंतिम रूप दे दिया गया है।

केंद्र सरकार पहले ही इस नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी दे चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार ने मुंबई-पुणे-हैदराबाद हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट की घोषणा की थी, जिसे देश के बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में शामिल माना जा रहा है।

मुंबई से हैदराबाद का सफर होगा बेहद तेज

इस हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के शुरू होने के बाद मुंबई और हैदराबाद के बीच यात्रा समय में भारी कमी आएगी। NHSRCL के मुताबिक दोनों शहरों के बीच सफर महज 2 घंटे 55 मिनट से लेकर अधिकतम 3 घंटे 13 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

वर्तमान में एक्सप्रेस ट्रेनों से यह सफर लगभग 12 घंटे में पूरा होता है, जबकि सामान्य ट्रेनों से 15 घंटे तक लग जाते हैं।

बजट 2026-27 में हुआ था ऐलान

केंद्र सरकार ने 1 फरवरी 2026 को पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 में देशभर में 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की थी। इन्हीं में मुंबई-पुणे और पुणे-हैदराबाद हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट को शामिल किया गया था।

यह नया बुलेट ट्रेन नेटवर्क मुंबई को पुणे और हैदराबाद से हाई-स्पीड कनेक्टिविटी देगा। मुंबई पहले से ही अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के जरिए हाई-स्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।

671 किलोमीटर लंबा होगा कॉरिडोर

मुंबई वाया पुणे टू हैदराबाद प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की कुल लंबाई 671 किलोमीटर होगी। यह कॉरिडोर महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना से होकर गुजरेगा।

राज्यों के हिसाब से कॉरिडोर की लंबाई इस प्रकार होगी:

  • महाराष्ट्र: 457 किमी
  • कर्नाटक: 121 किमी
  • तेलंगाना: 93 किमी

एलिवेटेड ट्रैक, टनल और बड़े पुल होंगे शामिल

इस हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट में आधुनिक एलिवेटेड ट्रैक, अंडरग्राउंड सेक्शन, टनल और बड़े नदी पुल बनाए जाएंगे। परियोजना के तहत कुल 101 पुलों का निर्माण प्रस्तावित है, जिनमें 13 स्टील ब्रिज शामिल होंगे।

इसके अलावा मुला-मुथा, भीमा और बोरी नदियों पर बड़े क्रॉसिंग ब्रिज भी तैयार किए जाएंगे।

हर ट्रेन में होंगे 16 कोच

प्रस्तावित बुलेट ट्रेन में 16 कोच लगाए जाएंगे। प्रत्येक ट्रेन की यात्री क्षमता लगभग 1,215 यात्रियों की होगी। माना जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक के बीच व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

Share This Article