बॉलीवुड सुपरस्टार Salman Khan ने अस्पताल के बाहर पैपराजी के व्यवहार को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की है। मंगलवार रात अस्पताल से लौटते वक्त पैपराजी द्वारा लगातार वीडियो बनाने और आवाज लगाने पर सलमान खान नाराज हो गए थे। अब बुधवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर लगातार चार पोस्ट शेयर कर मीडिया और पैपराजी के रवैये पर गहरी निराशा जताई।
सलमान खान ने सोशल मीडिया पर जाहिर किया गुस्सा
सलमान खान ने अपने पहले पोस्ट में लिखा कि अगर वह अस्पताल में किसी मीडिया वाले को उनके दर्द का मजाक उड़ाते या उससे मनोरंजन करते देखें, तो उन्हें बेहद दुख होगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा पत्रकारों का सम्मान किया, उनसे बात की और उनका ध्यान रखा ताकि उनका परिवार भी अच्छे से चल सके।
दूसरी पोस्ट में सलमान ने लिखा कि अगर कोई उनके दुख और नुकसान से पैसे कमाना चाहता है, तो कम से कम उसे तमाशा न बनाए। उन्होंने कहा, “भाई, भाई, भाई… ये कोई फिल्म का सीन नहीं है। तस्वीर ज्यादा जरूरी है या किसी की जिंदगी?”
‘मेरे दुख पर फायदा उठाने की कोशिश मत करना’
तीसरी पोस्ट में सलमान खान ने साफ कहा कि अगर कोई उनके दुख का फायदा उठाने की कोशिश करेगा, तो वह चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने लिखा कि अगली बार उनके साथ ऐसा व्यवहार करने की कोशिश भी न की जाए।
सलमान ने यह भी कहा कि जब किसी पत्रकार के अपने परिवार का सदस्य अस्पताल में होगा, तब क्या वह भी ऐसा ही व्यवहार करेंगे।
सलमान खान की चेतावनी
अपनी आखिरी पोस्ट में अभिनेता ने चेतावनी भरे अंदाज में लिखा कि वह 60 साल के हो चुके हैं, लेकिन लड़ना अभी नहीं भूले हैं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें जेल भी भेजा गया, तो वहां भी डटकर खड़े रहेंगे।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, मंगलवार रात Salman Khan किसी से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल जाते समय उन्होंने पैपराजी को पोज भी दिए। हालांकि लौटते वक्त कुछ फोटोग्राफर्स लगातार उनका नाम और उनकी आगामी फिल्म Matribhoomi का नाम जोर-जोर से लेने लगे।
इससे नाराज होकर सलमान खान ने कार रोकते हुए पैपराजी को तमीज से पेश आने की नसीहत दी। इस दौरान उन्होंने गुस्से में पूछा, “पागल हो क्या?” इसके बाद पैपराजी ने माफी मांगी और वीडियो रिकॉर्डिंग बंद कर दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
अस्पताल के बाहर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस सलमान खान के समर्थन में नजर आ रहे हैं और कई लोगों ने पैपराजी के व्यवहार को गलत बताया है।

