पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी बीच वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast ने भारत में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने सिर्फ EV बेचने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि अब टैक्सी सर्विस बिजनेस में भी एंट्री कर ली है।
कंपनी ने अपनी सहयोगी सर्विस Green SM के जरिए पूरे उत्तर भारत में 10,000 इलेक्ट्रिक टैक्सियां उतारी हैं। इनमें मुख्य रूप से VinFast Limo Green इलेक्ट्रिक MPV शामिल है।
इलेक्ट्रिक टैक्सी बिजनेस में बड़ी एंट्री
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्रीन SM इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने देश में बड़े स्तर पर EV टैक्सी ऑपरेशन शुरू किया है। कंपनी का रजिस्टर्ड ऑफिस गुरुग्राम, हरियाणा में स्थित है और इसकी अधिकृत पूंजी 254 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में टैक्सी रजिस्ट्रेशन वाली कई VinFast Limo Green MPVs दिखाई दीं। इन गाड़ियों पर ब्लैक-येलो नंबर प्लेट लगी हुई है, जिससे साफ है कि इन्हें कमर्शियल टैक्सी के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा।
ड्राइवरों को मिलेगी ₹40 हजार तक सैलरी
वीडियो में दावा किया गया है कि कंपनी ने टैक्सी सर्विस के लिए ड्राइवरों की भर्ती भी शुरू कर दी है। ड्राइवरों को करीब 35,000 से 40,000 रुपये तक मासिक सैलरी ऑफर की जा रही है।
इलेक्ट्रिक टैक्सी सर्विस की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी आने वाले समय में अपने ऑपरेशन्स को और विस्तार दे सकती है।
1 लाख से ज्यादा यूनिट्स की तैयारी
खबरों के अनुसार कंपनी सिर्फ टैक्सी सर्विस तक सीमित नहीं रहने वाली। VinFast इलेक्ट्रिक कारों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट में भी उतरने की तैयारी कर रही है।
कंपनी ने 1 लाख से ज्यादा यूनिट्स के ऑपरेशन की योजना बनाई है। इसमें VinFast VF5 और Limo Green इलेक्ट्रिक MPV प्रमुख मॉडल होंगे।
VinFast Limo Green के फीचर्स
VinFast Limo Green इलेक्ट्रिक MPV को खासतौर पर फ्लीट और टैक्सी ऑपरेटरों के लिए तैयार किया गया है। इसका डिजाइन काफी हद तक VinFast VF MPV 7 जैसा दिखता है, लेकिन इसमें कुछ बदलाव किए गए हैं।
इस MPV में ऑल-ब्लैक केबिन और फैब्रिक अपहोल्स्ट्री दी गई है ताकि इसे आसानी से साफ किया जा सके। लागत कम रखने के लिए इसमें स्टील व्हील्स और व्हील कवर दिए गए हैं।
फीचर्स की बात करें तो इसमें मिलते हैं-
- 10.1 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम
- वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले
- ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल
- चार स्पीकर्स
बैटरी और रेंज
VinFast Limo Green में 60.13 kWh बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज होने पर 517 किलोमीटर तक की ARAI-सर्टिफाइड रेंज देती है।
इसमें फ्रंट-व्हील ड्राइव इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो 201 bhp की पावर और 280 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। इसकी टॉप स्पीड 140 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है।
दिल्ली में बढ़ रहा EV कैब का ट्रेंड
दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में अब कैब कंपनियां पेट्रोल और डीजल गाड़ियों की जगह इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दे रही हैं। बढ़ती फ्यूल कीमतों और कम ऑपरेटिंग कॉस्ट की वजह से EV टैक्सी बिजनेस तेजी से बढ़ रहा है।
ऐसे में VinFast की यह नई रणनीति भारतीय EV मार्केट में बड़ा बदलाव ला सकती है।

