Hardik Pandya की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। Mumbai Indians के लगातार खराब प्रदर्शन के बीच अब कप्तान हार्दिक पांड्या पर Board of Control for Cricket in India ने जुर्माना भी लगा दिया है।
Kolkata Knight Riders के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने पर हार्दिक की मैच फीस का 10 प्रतिशत काटा गया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है।
BCCI ने क्यों लगाया जुर्माना?
आईपीएल की ओर से जारी बयान के अनुसार हार्दिक पांड्या को आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह नियम मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, मैदान के उपकरण या फिटिंग के दुरुपयोग से संबंधित है।
घटना मैच की दूसरी पारी के 10वें ओवर में हुई, जब हार्दिक पांड्या अपने रन-अप पर लौटते समय गुस्से में विकेट की बेल्स गिराते नजर आए। बताया गया कि कप्तान ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सजा को भी मान लिया।
मनीष पांडे के चौकों के बाद दिखा गुस्सा
हार्दिक पांड्या के ओवर में Manish Pandey ने लगातार दो चौके लगाए थे। इसके बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान काफी निराश दिखे।
इससे पहले उसी ओवर में Rovman Powell का कैच छूट गया था। रॉबिन मिंज और दीपक चाहर के बीच गलतफहमी के चलते आसान मौका हाथ से निकल गया, जिससे हार्दिक की नाराजगी और बढ़ गई।
KKR ने MI को 4 विकेट से हराया
बारिश से प्रभावित इस अहम मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 147 रन ही बना सकी। जवाब में केकेआर ने 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
केकेआर की जीत में मनीष पांडे ने 45 रन और रोवमैन पॉवेल ने 40 रन की अहम पारी खेली। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी हुई।
पॉइंट्स टेबल में KKR को फायदा
इस जीत के साथ केकेआर अंक तालिका में आठवें स्थान से छठे नंबर पर पहुंच गई। टीम के अब 13 अंक हो गए हैं और उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें अभी भी कायम हैं।
वहीं मुंबई इंडियंस की यह 13 मैचों में 9वीं हार रही, जिससे टीम का सीजन लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है।
कोर्बिन बॉश ने किया ऑलराउंड प्रदर्शन
भले ही मुंबई इंडियंस मुकाबला हार गई, लेकिन Corbin Bosch ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने नाबाद 32 रन बनाए और गेंदबाजी में 3 विकेट भी झटके।

