दहिसर-भायंदर लिंक रोड का काम तेज, 60 पाइल और 4 पियर तैयार; दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य

Thecity news
4 Min Read

मुंबई और मीरा-भायंदर के बीच सीधा सड़क संपर्क देने वाली 5.13 किलोमीटर लंबी परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से लॉन्चिंग गर्डर का काम शुरू होगा

मुंबई और मीरा-भायंदर के बीच सीधा और तेज सड़क संपर्क उपलब्ध कराने वाली दहिसर-भायंदर लिंक रोड परियोजना के निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। परियोजना के तहत अब तक 60 पाइल और 4 पियर का काम पूरा किया जा चुका है। काम की मौजूदा गति को देखते हुए परियोजना को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने भायंदर इंटरचेंज स्थित परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गति, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए।

मुंबई कोस्टल रोड उत्तर परियोजना का सातवां पैकेज

मुंबई में यातायात की समस्या कम करने के लिए बीएमसी की मुंबई कोस्टल रोड उत्तर परियोजना के तहत वर्सोवा से भायंदर तक सड़क संपर्क विकसित किया जा रहा है। करीब 60 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को कुल सात पैकेज में बांटा गया है।

दहिसर-भायंदर लिंक रोड इसका सातवां पैकेज है। दहिसर पश्चिम से भायंदर पश्चिम तक सीधा संपर्क देने वाले करीब 5.13 किलोमीटर लंबे मार्ग में एलिवेटेड रोड, मैंग्रोव क्षेत्र में स्टिल्ट पर सड़क, खाड़ी के ऊपर एलिवेटेड संरचना, नमक के मैदान वाले क्षेत्र में एलिवेटेड मार्ग, कनेक्टर रोड, इंटरचेंज और फ्लाईओवर शामिल हैं।

अक्टूबर में शुरू होगा लॉन्चिंग गर्डर का काम

परियोजना के करीब 3.83 किलोमीटर लंबे और 45 मीटर चौड़े मुख्य एलिवेटेड रोड को मुंबई कोस्टल रोड उत्तर परियोजना का अंतिम हिस्सा बनाया जा रहा है। फिलहाल गेबियन दीवार का काम जारी है। पुल की नींव के लिए पाइल और पाइल कैप तैयार किए जा रहे हैं।

अब तक 60 पाइल, 5 पाइल कैप, 4 पियर, पियर कैप और 9 सेगमेंट का निर्माण पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य में अत्याधुनिक मशीनरी के साथ टेंपरेरी एक्सेस ब्रिज का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से लॉन्चिंग गर्डर का काम शुरू करने की तैयारी है।

अभिजीत बांगर ने दिए तेजी और सुरक्षा के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अभिजीत बांगर ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने और प्राथमिकता के आधार पर काम आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मीरा-भायंदर मनपा समेत संबंधित प्राधिकरणों से आवश्यक सहयोग लेने और एसओपी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने बैरिकेडिंग की पर्याप्त व्यवस्था के साथ निर्माण कार्य को गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए।

भायंदर में तैयार किया गया कास्टिंग यार्ड

मुंबई कोस्टल रोड उत्तर परियोजना के तहत वेसावे से भायंदर के बीच चल रहे निर्माण कार्य को भी गति दी जा रही है। इसके लिए भायंदर में अत्याधुनिक कास्टिंग यार्ड तैयार किया गया है।

अभिजीत बांगर ने कास्टिंग यार्ड का भी निरीक्षण किया और प्रीकास्ट घटकों के निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण तथा उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रत्येक चरण में गुणवत्ता जांच, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और श्रमिक सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बांगर ने कहा कि पुल निर्माण और सेगमेंट तैयार करने की गति में तालमेल जरूरी है, ताकि सेगमेंट की कमी के कारण पुल निर्माण का काम प्रभावित न हो।

Share This Article