Kashi Vishwanath Temple CEO Transfer: काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्व भूषण मिश्र का तबादला, UPSSSC में मिली नई जिम्मेदारी

Thecity news
4 Min Read

दो साल तक संभाली काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट की जिम्मेदारी, अब उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में उपसचिव बनाए गए; यूपी में 34 बड़े अधिकारियों का तबादला

वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विश्व भूषण मिश्र का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी यूपीएसएसएससी में उपसचिव की जिम्मेदारी दी गई है। विश्व भूषण मिश्र ने करीब दो साल तक काशी विश्वनाथ मंदिर और विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं।

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 34 बड़े अधिकारियों का भी तबादला किया है। इनमें कई अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, नगर आयुक्त और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं।

कौन हैं विश्व भूषण मिश्र?

विश्व भूषण मिश्र उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर पीसीएस अधिकारी बने थे। वर्ष 2012 में गाजीपुर में डिप्टी कलेक्टर के तौर पर उनकी ट्रेनिंग हुई। इसके बाद उन्हें मथुरा का डिप्टी कलेक्टर बनाया गया।

वर्ष 2022 में उन्हें वाराणसी में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद 2024 में उन्हें काशी विश्वनाथ मंदिर और विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के सीईओ का दायित्व सौंपा गया था।

विश्व भूषण मिश्र का जन्म 1984 में हुआ था और वह अंबेडकर नगर के रहने वाले हैं। उन्होंने एलएलएम की पढ़ाई पूरी की है।

क्या है UPSSSC?

यूपीएसएसएससी यानी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग राज्य स्तरीय संस्था है, जो विभिन्न ग्रुप सी और ग्रुप डी पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं आयोजित करता है।

उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 1988 में अध्यादेश के जरिए अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड की स्थापना की थी। मौजूदा आयोग का गठन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग अधिनियम, 2014 के तहत किया गया। यह अधिनियम 20 जून 2014 को लागू हुआ था।

34 बड़े अधिकारियों का तबादला

प्रशासनिक फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। अपर जिलाधिकारी स्तर पर किए गए प्रमुख तबादलों में जंग बहादुर यादव को अपर नगर आयुक्त, गाजियाबाद से संयुक्त आयुक्त (प्रशासन), ग्राम्य विकास भेजा गया है।

संजय कुमार पाण्डेय को अपर जिलाधिकारी (नजूल), प्रयागराज से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), गौतमबुद्धनगर बनाया गया है। मंगलेश दुबे को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), गौतमबुद्धनगर से उपसंचालक चकबंदी, प्रयागराज भेजा गया है।

अरुण कुमार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), बदायूं से अपर जिलाधिकारी (वि/रा), बहराइच और अजय नारायण सिंह को अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति), आगरा से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), एटा बनाया गया है।

अन्य महत्वपूर्ण तबादले

विश्व भूषण मिश्र को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, काशी विश्वनाथ मंदिर से उपसचिव, यूपीएसएसएससी बनाया गया है। अमित कुमार-2 को अपर जिलाधिकारी (वि/रा), बहराइच से प्रधान प्रबंधक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ भेजा गया है।

विनीत उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी (वि/रा), बागपत से प्रधान प्रबंधक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ बनाया गया है। राम शंकर को अपर जिलाधिकारी (वि/रा), देवरिया से उपायुक्त (प्रशासन), खाद्य एवं रसद की जिम्मेदारी मिली है।

दिग्विजय प्रताप सिंह को अपर जिलाधिकारी (वि/रा), कासगंज से उपनिदेशक, राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद भेजा गया है। बरखा सिंह को प्रधान प्रबंधक, चीनी मिल संघ से अपर नगर आयुक्त, वाराणसी बनाया गया है।

पंकज प्रकाश राठौड़ को नगर मजिस्ट्रेट, मुजफ्फरनगर से अपर जिलाधिकारी (वि/रा), देवरिया और रेणु को उपजिलाधिकारी, हापुड़ से अपर नगर आयुक्त, गाजियाबाद बनाया गया है।

वंदना त्रिवेदी को उपसचिव, यूपीएसएसएससी से उपनिदेशक, डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी भेजा गया है। अभय कुमार पाण्डेय को सचिव, कानपुर विकास प्राधिकरण से अपर जिलाधिकारी (वि/रा), कासगंज और देवेंद्र प्रताप सिंह-2 को मुख्य राजस्व अधिकारी, मिर्जापुर से सचिव, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण बनाया गया है।

Share This Article