दिल्ली में रावण के साथ जला 30 फीट का कॉकरोच, कपिल मिश्रा और AAP में छिड़ा विवाद

Thecity news
3 Min Read

दशहरे पर कॉकरोच के पुतले के दहन को लेकर सौरभ भारद्वाज ने एफआईआर की मांग की। कपिल मिश्रा ने पलटवार करते हुए आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा।

दिल्ली में दशहरे के मौके पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ 30 फीट ऊंचे कॉकरोच के पुतले का भी दहन किया गया। पीतमपुरा के नेताजी सुभाष प्लेस स्थित डीडीए मैदान में हुए इस आयोजन ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया। दिल्ली सरकार के मंत्री और बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने कॉकरोच के पुतले को आग लगाई। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इसे धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला कदम बताते हुए आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल और पुलिस कमिश्नर को भेजी शिकायत

सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को दिल्ली के उपराज्यपाल और पुलिस कमिश्नर को शिकायत भेजी। इसमें उन्होंने श्री केशव रामलीला कमेटी के आयोजकों, कपिल मिश्रा और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

भारद्वाज का आरोप है कि पारंपरिक दशहरा पुतलों के साथ कॉकरोच का पुतला जलाने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आयोजन से जुड़ी तस्वीरें, वीडियो और प्रचार सामग्री हटाने की मांग भी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो वह अदालत का रुख करेंगे।

कपिल मिश्रा ने AAP पर किया पलटवार

सौरभ भारद्वाज की शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कॉकरोच का पुतला जलाया जा रहा है और इससे देश की राजनीति के दीमकों को तकलीफ हो रही है।”

मिश्रा ने दावा किया कि देश के खिलाफ साजिश करने के लिए कई समूह एक साथ आए हैं और अंत में सच्चाई की जीत होगी। उनका यह बयान आप की शिकायत के जवाब में आया।

गंदगी के प्रति जागरूकता फैलाने का दावा

पीतमपुरा के नेताजी सुभाष प्लेस स्थित डीडीए मैदान में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ 30 फीट ऊंचा कॉकरोच का पुतला भी लगाया गया था। शाम को कपिल मिश्रा ने इसका दहन किया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।

आयोजकों के मुताबिक, कॉकरोच के पुतले का दहन गंदगी और उससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया गया। उनके अनुसार, कॉकरोच गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों का प्रतीक है।

राजनीतिक संदर्भ में भी चर्चा

कॉकरोच के पुतले का दहन ऐसे समय हुआ है, जब कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की चर्चा सामने आई है। इसी पृष्ठभूमि में दशहरे पर हुए इस आयोजन को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है।

फिलहाल, सौरभ भारद्वाज की शिकायत और एफआईआर की मांग के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर है।

Share This Article