फर्जी ‘दिल्ली पुलिस अधिकारी’ ने वीडियो कॉल कर डराया, 6.5 लाख रुपये उड़ाए

फर्जी कॉल से शुरू हुआ धोखे का खेल
मुंबई की 26 वर्षीय टीवी अभिनेत्री एक हाईटेक साइबर फ्रॉड का शिकार हो गईं। एक व्यक्ति ने खुद को मोबाइल सर्विस कंपनी का कर्मचारी बताकर कॉल किया और कहा कि उनके मोबाइल नंबर से “अवैध बैंकिंग गतिविधियां” जुड़ी हैं। जल्द ही नंबर बंद किए जाने की चेतावनी दी गई।
‘दिल्ली पुलिस अधिकारी’ बनकर किया वीडियो कॉल
इसके बाद अभिनेत्री को एक वीडियो कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को दिल्ली पुलिस साइबर डिपार्टमेंट का अधिकारी बताया। उसने अभिनेत्री से अकेले बैठने, आधार कार्ड दिखाने और “वेरिफिकेशन प्रक्रिया” में सहयोग करने को कहा।
कॉलर ने यह भी कहा कि अभिनेत्री वित्तीय फ्रॉड में शामिल हैं और उनके पासपोर्ट व बैंक खाते फ्रीज कर दिए जाएंगे। डराने के लिए उसने नकली सुप्रीम कोर्ट दस्तावेज़ और कानूनी नोटिस भी भेजे।
6.5 लाख रुपये जमा करने का दबाव
कॉलर ने “टेम्परेरी वेरिफिकेशन” के नाम पर 6.5 लाख रुपये जमा कराने को कहा और भरोसा दिलाया कि रकम जल्द लौटा दी जाएगी। भय और भ्रम में अभिनेत्री ने बताए गए बैंक अकाउंट में पैसा ट्रांसफर कर दिया।
ट्रूकॉलर ने खोली पोल
कॉल समाप्त होने के बाद अभिनेत्री ने ट्रूकॉलर से नंबर की जांच की, जिससे यह स्कैम निकला। तुरंत ही वह ओशिवारा पुलिस स्टेशन पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

