
मुंबई। दक्षिण मुंबई के कफ परेड स्थित मच्छीमार नगर में सोमवार सुबह लगी आग ने भयावह रूप ले लिया। इस हादसे में 15 वर्षीय यश खोत की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल सेंट जॉर्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इलेक्ट्रिक बैटरियों से फैली आग की आशंका
मुंबई नगर निगम के आपातकालीन प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, आग कैप्टन प्रकाश पेठे मार्ग स्थित एक चॉल में सुबह अचानक भड़क उठी। आग पहले इलेक्ट्रिक वाहनों की तीन बैटरियों में लगी और फिर बिजली के तारों, कनेक्शनों व घरेलू सामानों तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और बेस्ट के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। आग से चार लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन डॉक्टरों ने यश खोत को मृत घोषित कर दिया।
घायलों की हालत और जांच जारी
घायलों में देवेंद्र चौधरी (30) की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। वहीं, विराज खोत (13) और संग्राम कुरने (25) की स्थिति स्थिर है। आग बुझाने के बाद कूलिंग ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का सटीक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, हालांकि प्रारंभिक जांच में इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरियों से शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है।

