पहाड़ी राज्यों में तेजी से गिरते तापमान के कारण उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में कई शहरों में कोहरे के साथ शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा।
चक्रवात ‘दितवाह’ का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 30 नवंबर को चक्रवात ‘दितवाह’ के तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश तट तक पहुंचने का अनुमान जताया है। इसके चलते 100 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और भारी बारिश-बाढ़ का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
IMD के अनुसार, दितवाह चक्रवात श्रीलंका तट और समीपवर्ती बंगाल की खाड़ी से होते हुए उत्तर-उत्तरपश्चिमी मार्ग पर आगे बढ़ेगा और रविवार सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों के पास पहुंचेगा।
इससे तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में तूफानी हवाएं चलेंगी, पेड़ उखड़ सकते हैं और भारी बारिश होने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
पहाड़ी राज्यों में कड़ाके की ठंड
- कश्मीर: कई जिलों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे, 2007 के बाद सबसे सर्द नवंबर।
- हिमाचल प्रदेश: 16 शहरों में रात का तापमान 5°C से नीचे, कई जगह पाइपलाइन और पानी की टंकियों में बर्फ जम रही है।
- उत्तराखंड: 4 धामों में तापमान माइनस 10°C से भी नीचे।
राजस्थान और मध्य भारत में शीतलहर का असर
राजस्थान में शुक्रवार को हुई पहली मावठ के बाद सर्दी तेज होने लगी। भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद समेत 5 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है।
1 दिसंबर से उत्तरी हवा के प्रभाव से शीतलहर शुरू हो जाएगी। मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान 10°C से नीचे पहुँच गया और कई जगह कोहरा छाया। उत्तर प्रदेश में भी तापमान 10°C के नीचे जाने की संभावना है।

