नेशनल हेराल्ड मामला: सोनिया और राहुल गांधी पर नई FIR, मुश्किलें बढ़ीं

Thecity news
3 Min Read

नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने दोनों के खिलाफ नई FIR दर्ज की है। FIR में आपराधिक साजिश रचकर एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) पर धोखाधड़ी से कब्जा करने का आरोप लगाया गया है।
इसके अलावा इंडियन ओवरसीज कांग्रेस प्रमुख सैम पित्रोदा और तीन अन्य लोगों के नाम भी FIR में शामिल हैं।


🔹 FIR ED की रिपोर्ट के आधार पर दर्ज

यह FIR 3 अक्टूबर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की शिकायत पर दर्ज की गई थी। ED ने अपनी जांच रिपोर्ट दिल्ली पुलिस के साथ साझा की थी, जिसमें PMLA की धारा 66(2) के तहत अनुसूचित अपराध दर्ज करने की सिफारिश की गई।
FIR में AJL, यंग इंडियन और डोटेक्स मर्चेंडाइज नामक तीन कंपनियों को आरोपी बनाया गया है। डोटेक्स कोलकाता की एक शेल कंपनी है, जिसने कथित तौर पर यंग इंडियन को 1 करोड़ रुपये दिए थे।


🔹 अगला फैसला 16 दिसंबर को

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED के आरोप पत्र पर संज्ञान लेने का फैसला तीसरी बार टाल दिया है।
ED ने मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा, सुमन दुबे और कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को आरोपी बनाया है।
कोर्ट ने 14 जुलाई को बहस पूरी होने के बाद 29 जुलाई तक फैसला सुरक्षित रखा था। इसके बाद 8 अगस्त और 29 नवंबर को फैसला टाल दिया गया।


🔹 नेशनल हेराल्ड मामला क्या है?

2013 में भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने याचिका दायर कर राहुल और सोनिया पर नेशनल हेराल्ड अखबार चलाने वाली कंपनी AJL के अधिग्रहण में धोखाधड़ी का आरोप लगाया।
अदालत में दावा किया गया कि यंग इंडिया लिमिटेड (YIL) के जरिए इसका गलत तरीके से अधिग्रहण किया गया और कांग्रेस नेताओं ने 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति हथिया ली।
सोनिया और राहुल के पास YIL में 38-38 प्रतिशत शेयर हैं। मामले में दोनों से पूछताछ भी की जा चुकी है।


🔹 भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस का प्रथम परिवार सबसे भ्रष्ट परिवार है। उन्होंने आरोप लगाया,
“यह भ्रष्टाचार करता है और इसे उनका अधिकार समझता है। कोई कार्रवाई होती है तो पीड़ित कार्ड खेलते हैं। अभी तक किसी भी अदालती मामले ने नेशनल हेराल्ड की कार्यवाही को नहीं रोका है। राहुल-सोनिया को इससे कोई राहत नहीं मिली।”

Share This Article