शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने दावा किया है कि शिंदे गुट के 35 विधायक टूटेंगे। उन्होंने कहा कि दिसंबर के बाद महाराष्ट्र में बड़ा राजनीतिक फेरबदल होगा और मोदी–शाह शिंदे को समर्थन नहीं दे रहे।
तबीयत सुधरते ही शिवसेना (यूबीटी) के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र की राजनीति में नया भूचाल ला दिया है। राउत ने दावा किया कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट के 35 विधायक जल्द ही टूटने वाले हैं। उनका कहना है कि दिसंबर के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है।
राउत ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जेल में रहते समय ही उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, लेकिन अब वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि शिंदे गुट इस गलतफहमी में है कि दिल्ली के दो बड़े नेता—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह—उनके साथ हैं, जबकि सच इसके उलट है।
“मोदी–शाह किसी के साथ नहीं… शिंदे की आंत निकाल देंगे” — राउत
राउत ने कहा,
“अमित शाह शिंदे गुट की आंत निकाल लेंगे। जैसा बीजेपी ने हमारे साथ किया, वही खेल अब शिंदे गुट के साथ होने वाला है।”
उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राउत ने कहा कि उन्हें दिसंबर के बाद होने वाले राजनीतिक घटनाक्रम का इंतज़ार है।
रविंद्र चव्हाण की नियुक्ति पर बड़ा संकेत
संजय राउत ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए रविंद्र चव्हाण की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति किसी बड़े राजनीतिक उद्देश्य का हिस्सा है।
राउत ने कहा,
“दिल्ली की राजनीति की यह परंपरा है। जो राजनीति समझते हैं, वे समझ जाएंगे कि यह कदम क्यों उठाया गया है।”
उन्होंने कहा कि शिंदे गुट के विधायकों को तोड़ने का काम पहले से चल रहा है।
दिसंबर के बाद बड़ा राजनीतिक बदलाव?
राउत ने बार-बार यह संकेत दिया कि
दिसंबर 2025 के बाद महाराष्ट्र में गठबंधन समीकरण बदल सकते हैं।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा की रणनीति अब शिंदे गुट के खिलाफ है और परिणाम जल्द सामने आएंगे।

