महाराष्ट्र में 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी बड़े राजनीतिक दल ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने करीब 80 प्रतिशत उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली है, लेकिन मुंबई में शिवसेना (शिंदे गुट) के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति न बनने के कारण घोषणा में देरी हो रही है।
मुंबई में सीट बंटवारे पर फंसा मामला
सूत्रों के अनुसार, मुंबई महानगरपालिका चुनाव में BJP 150 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि उसने अपने सहयोगी शिंदे गुट को 75 सीटों का ऑफर दिया है।
हालांकि, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस प्रस्ताव पर सहमत नहीं हैं, जिससे गठबंधन में खींचतान बढ़ गई है।
CM आवास पर कोर कमेटी की बैठक
गुरुवार देर शाम तक मुख्यमंत्री के वर्षा निवास पर मुंबई, पुणे और पिंपरी-चिंचवड के नेताओं की कोर कमेटी बैठक हुई।
बैठक में महानगरपालिका चुनाव को लेकर सीट बंटवारे और उम्मीदवार चयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई की चार लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले अधिकांश वार्डों में उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बन गई है, लेकिन दक्षिण मुंबई और उत्तर मुंबई में अभी भी पेंच फंसा हुआ है। इन इलाकों में शिंदे शिवसेना के साथ तालमेल सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।
सहयोगी दलों के साथ बातचीत जारी
कांग्रेस नेता सपकाल ने बताया कि महाविकास आघाड़ी और इंडिया आघाड़ी के घटक दल के रूप में उद्धव ठाकरे की शिवसेना के साथ लगातार चर्चा चल रही है। संगठन स्तर पर नेताओं को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी अन्य पार्टी से गठबंधन का कोई औपचारिक प्रस्ताव नहीं आया है। यदि ऐसा कोई प्रस्ताव आता है, तो उस पर विचार किया जाएगा।
सपकाल ने यह भी स्पष्ट किया कि वे मुंबई महानगरपालिका में गठबंधन चर्चा का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन AICC सचिव यू. बी. वैकटेश वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ बातचीत कर रहे हैं।

