दहेज प्रताड़ना केस का डर बना मौत की वजह
नवविवाहिता की आत्महत्या के बाद दर्ज दहेज प्रताड़ना के मामले से बचने के लिए बेंगलुरु से फरार हुआ युवक आखिरकार नागपुर में आत्महत्या कर बैठा। ससुराल पक्ष से मिल रही लगातार धमकियों और गिरफ्तारी के डर से मानसिक रूप से टूट चुके युवक ने वर्धा रोड स्थित एक होटल में फांसी लगाकर जान दे दी। इस दर्दनाक घटना में युवक की मां ने भी आत्महत्या का प्रयास किया।
होटल रॉयल विला में सामने आया चौंकाने वाला मामला
यह सनसनीखेज घटना सोनेगांव थाना क्षेत्र के वर्धा रोड स्थित होटल रॉयल विला में सामने आई। मृतक की पहचान बेंगलुरु के विद्यारण्यपुरम निवासी सूरज शिवन्ना (36) के रूप में हुई है। बेटे की मौत से उसकी मां जयंती (60) और भाई संजय (35) गहरे सदमे में हैं।
दो महीने पहले हुई थी शादी, जल्द बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, करीब दो महीने पहले सूरज का विवाह बेंगलुरु निवासी गानवी उर्फ राशि (26) से बड़े धूमधाम से हुआ था। शादी के बाद दोनों 10 दिन के हनीमून पर श्रीलंका गए, लेकिन महज 5 दिन में ही विवाद होने के कारण वापस लौट आए। इसके बाद पति-पत्नी के बीच लगातार तनाव बना रहा।
पत्नी की आत्महत्या और दहेज का मामला
24 दिसंबर को गानवी ने अपने घर में फांसी लगा ली। इलाज के दौरान गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसके माता-पिता ने विद्यारण्यपुरम पुलिस थाने में सूरज और उसके परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया।
गिरफ्तारी के डर से शहर-शहर भटके
मामला दर्ज होने के बाद गानवी के परिजनों ने सूरज के घर के सामने प्रदर्शन भी किया। गिरफ्तारी के डर से सूरज, उसकी मां जयंती और भाई संजय पहले बेंगलुरु से हैदराबाद और फिर नागपुर पहुंचे। शुक्रवार को तीनों ने होटल रॉयल विला में दो कमरे किराये पर लिए।
रात में उठाया खौफनाक कदम
शनिवार रात भोजन के बाद सूरज और उसकी मां एक कमरे में सोए, जबकि संजय पास के कमरे में था। रात करीब 12:30 बजे सूरज ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटे को फंदे पर लटका देख मां जयंती ने भी आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन आवाज सुनकर संजय वहां पहुंच गया और उन्हें रोक लिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही होटल मैनेजर ने सोनेगांव पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरा घटनाक्रम एक नजर में
- 29 अक्टूबर: सूरज और गानवी का विवाह
- हनीमून: 10 दिन के लिए श्रीलंका रवाना
- 5 दिन में वापसी: विवाद के कारण लौटे
- 24 दिसंबर: पत्नी ने फांसी लगाई
- 26 दिसंबर: ससुराल पक्ष का प्रदर्शन
- 27 दिसंबर: पति ने नागपुर में की आत्महत्या

