बीएमसी चुनाव अपने दम पर लड़ने जा रही कांग्रेस की बढ़ी मुश्किलें
मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति को बड़ा झटका लगा है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने न सिर्फ मुंबई में 150 से अधिक उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है, बल्कि अब अपने 21 उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी कर दी है। सपा के इस फैसले से बीएमसी चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन गए हैं, जिसका सीधा असर कांग्रेस के वोट गणित पर पड़ सकता है।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पार्टी मुंबई के सभी वार्डों में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। वहीं, सपा के प्रमुख महासचिव मेराज सिद्दीकी ने बताया कि यह केवल पहली सूची है और जल्द ही उम्मीदवारों की अगली सूची भी जारी की जाएगी।
मुस्लिम वोट बैंक पर टिकी है बीएमसी की कई सीटें
अनुमानों के मुताबिक, मुंबई में 20 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम मतदाता हैं। बीएमसी की कुल 227 सीटों में से करीब 45 सीटों पर मुस्लिम वोटरों का प्रभाव माना जाता है, जबकि लगभग 30 सीटों पर हार-जीत का फैसला मुस्लिम मतों पर निर्भर करता है।
गौरतलब है कि 2017 के बीएमसी चुनाव में 31 मुस्लिम नगरसेवक चुने गए थे, जिनमें से 6 समाजवादी पार्टी से थे। ऐसे में सपा की आक्रामक रणनीति कांग्रेस के लिए चिंता का विषय बन गई है।
कांग्रेस की चिंता क्यों बढ़ी?
वर्तमान बीएमसी चुनाव में कांग्रेस की रणनीति काफी हद तक मुस्लिम और प्रवासी उत्तर भारतीय मतदाताओं पर आधारित है। पार्टी को आशंका है कि मुंबई के मुस्लिम मतदाताओं में से 70 प्रतिशत से अधिक हिंदी भाषी हैं और इस वर्ग में सपा की पकड़ मजबूत मानी जाती है।
कांग्रेस पहले ही 2024 के विधानसभा चुनाव में सपा के अलग चुनाव लड़ने का नुकसान झेल चुकी है। वहीं, हिंदी भाषी हिंदू मतदाताओं का बड़ा हिस्सा भाजपा की ओर शिफ्ट हो चुका है। ऐसे में बीएमसी चुनाव में सपा के उम्मीदवार कांग्रेस के समीकरण को बिगाड़ सकते हैं।
सपा का दावा: 30 सीटों पर जीत तय
सपा महासचिव मोहम्मद फारूक घोसी ने दावा किया है कि पार्टी के 100 से अधिक उम्मीदवारों की सूची तैयार है और कुल उम्मीदवारों की संख्या 150 तक पहुंच सकती है। उनके अनुसार, वार्ड 96, 134, 136, 137, 138, 139 और 211 सहित करीब 30 सीटों पर सपा की जीत तय मानी जा रही है।
कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि एक ओर राहुल गांधी सभी को साथ लेकर चलने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर सांप्रदायिक ताकतें सक्रिय हैं। जनता समझदार है और जानती है कि किसे वोट देना है।
📝 सपा की पहली सूची में शामिल 21 उम्मीदवार
- वार्ड 20 – मोहम्मद अजहरुद्दीन सिद्दीकी
- वार्ड 64 – डॉ. शीला अखिलेश यादव
- वार्ड 90 – सना अब्बास कुरैशी
- वार्ड 96 – सुमैया शेख शब्बीर
- वार्ड 134 – शायरा शाफहाद खान आजमी
- वार्ड 135 – अंसारी आरिफ मोहम्मद इकबाल
- वार्ड 136 – रुखसाना नाजिम सिद्दीकी
- वार्ड 137 – अहाद यूनुस कुरैशी
- वार्ड 140 – आम्रपाली विद्याधर डावरे
- वार्ड 141 – जायदा इनायतुल्ला कुरैशी
- वार्ड 142 – ज्योती लक्ष्मण गुडगे
- वार्ड 143 – आयेशा रहमतुल्ला सैयद
- वार्ड 148 – साक्षी सुनीलकुमार यादव
- वार्ड 174 – डॉ. आसमा ठाकुर
- वार्ड 181 – मोहम्मद अर्शद मुमताज शेख
- वार्ड 188 – गौस मोहिदीन लतीफ खान
- वार्ड 201 – इरम साजिद अहमद सिद्दीकी
- वार्ड 212 – अमरीन शहजाद अब्राहनी
- वार्ड 213 – जैबुन्निसा मलिक
- वार्ड 220 – गुलाम नबी यूसुफ मंसूरी
- वार्ड 224 – रुबीना ज़ाफर टीनवाला

