उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद चुनाव आयोग ने मंगलवार को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस ड्राफ्ट सूची में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 18 प्रतिशत है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, प्रदेश में अब कुल मतदाताओं की संख्या करीब 12.55 करोड़ रह गई है। ड्राफ्ट सूची पर दावे और आपत्तियां 6 जनवरी से शुरू हो चुकी हैं।
UP Voter List: किन जिलों में सबसे ज्यादा नाम कटे?
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, राजधानी लखनऊ में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है।
- लखनऊ: 39.94 लाख में से 30% नाम कटे, अब 27.94 लाख मतदाता
- बलरामपुर: 25.98% नाम हटाए गए
- हापुड़: 22.30% मतदाता सूची से बाहर
- संभल: 20.29% नाम कटे
अधिकारियों के अनुसार, जिन 2.89 करोड़ नामों को हटाया गया है, उनमें शामिल हैं:
- 1.3 करोड़ स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता
- 45 लाख मृतक मतदाता
- 23 लाख दोहरी पंजीकरण वाले मतदाता
- 9.4 लाख फॉर्म न लौटाने वाले मतदाता
- 84.5 लाख गुमनाम या अपुष्ट मतदाता
मतदाताओं के लिए बड़ा मौका: 6 फरवरी तक कर सकते हैं आवेदन
अगर किसी मतदाता का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है या गलती से हटा दिया गया है, तो वे 6 जनवरी से 6 फरवरी के बीच आवेदन कर सकते हैं।
- Form-6: नया नाम जुड़वाने के लिए
- Form-8: नाम या पता संशोधन के लिए
- Form-7: नाम हटाने या आपत्ति दर्ज करने के लिए
मतदाता अपने BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) या नजदीकी चुनाव कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को जारी की जाएगी।

