महाराष्ट्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता हिदायतुल्लाह पटेल की अकोला जिले में निर्मम हत्या कर दी गई। मंगलवार दोपहर नमाज अदा करने के बाद मस्जिद से बाहर निकलते समय उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए हिदायतुल्लाह पटेल को डॉक्टर नहीं बचा सके और बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
यह घटना अकोला जिले के अकोट तालुका स्थित मोहाला गांव की है। 66 वर्षीय हिदायतुल्लाह पटेल जामा मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही वह मस्जिद से बाहर निकले, आरोपी ने उन पर सीने और गले पर कई बार चाकू से वार कर दिए।
आईसीयू में इलाज के दौरान मौत
हमले के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। पुलिस के मुताबिक, अधिक खून बहने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश की आशंका
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय उबेद खान कालूखान को मंगलवार रात करीब 8 बजे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और हिदायतुल्लाह पटेल के परिवार के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते यह हमला किया गया।
घटना के बाद अकोट इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए हैं।
2019 लोकसभा चुनाव लड़ चुके थे
हिदायतुल्लाह पटेल ने 2019 लोकसभा चुनाव अकोला सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। वे पार्टी के एक प्रभावशाली मुस्लिम नेता माने जाते थे और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ थी। उनकी हत्या से कांग्रेस पार्टी और स्थानीय राजनीति में शोक और आक्रोश का माहौल है।
सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें उन्हें खून से लथपथ हालत में मस्जिद से बाहर ले जाते देखा जा सकता है।

