नागपुर के गोरेवाड़ा–मानकापुर रिंग रोड पर बुधवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकराई और करीब 10 फुट हवा में उछलने के बाद सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। इसके बाद कार खेत में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार कार एमएच 02 डीजी 6480 नया काटोल नाका चौक से जाफरनगर की ओर जा रही थी। श्री योग साधना केंद्र के सामने चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
🚨 नाबालिग चला रहा था कार?
हादसे को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि कार नाबालिग लड़का चला रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घायलों की पहचान कुजेन कुरैशी (17), निवासी अहबाब कॉलोनी, महेशनगर और अब्दुल रहमान (19), निवासी जाफरनगर के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। स्टेयरिंग बाईं ओर मुड़ते ही वाहन फुटपाथ से टकराया और उछलकर योग केंद्र परिसर के एक पेड़ से टकराने के बाद खेत में गिर गया।
🌪️ हवा में उछली कार, बाल-बाल बचे लोग
टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था, नहीं तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को कार से बाहर निकाला।
🚓 मौके पर पहुंची पुलिस, केस दर्ज नहीं
सूचना मिलते ही गिट्टीखदान और मानकापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के कंधे और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
फिलहाल गिट्टीखदान पुलिस ने कोई कानूनी मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि वाहन कौन चला रहा था, इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह भी चर्चा है कि युवक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे, जिससे चालक का ध्यान भटक गया।

