जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच कठुआ जिले के पहाड़ी क्षेत्र बिलावर से एक बड़ी खबर सामने आई है। डोडा, किश्तवाड़ और उधमपुर के बसंतगढ़ के बाद अब कठुआ में भी आतंकी सुरक्षाबलों को चकमा देकर जंगल में भाग निकले।
बुशाम से उज्ज दरिया के कमांड क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच करीब चार घंटे तक भीषण मुठभेड़ चली। अंधेरा और दुर्गम भू-भाग का फायदा उठाकर तीन आतंकी जंगल की ओर फरार हो गए। इसके बावजूद सेना, सीआरपीएफ और पुलिस ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन जारी रखा और ड्रोन की मदद से इलाके की निगरानी की जा रही है।
🚨 जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की आशंका
सूत्रों के अनुसार फरार आतंकी जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि ये आतंकी हीरानगर सेक्टर से घुसपैठ करने की फिराक में थे और कई दिनों से सीमा पार देखे जा रहे थे। यह 2026 का पहला बड़ा आतंकरोधी ऑपरेशन माना जा रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक (IG) भीम सेन टूटी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। पूरे ऑपरेशन की निगरानी एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा द्वारा की जा रही है।
👀 स्थानीय लोगों ने दी थी सूचना
स्थानीय ग्रामीणों ने शाम करीब 4 बजे कमाड नाला इलाके में संदिग्ध लोगों को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस का स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) मौके पर पहुंचा।
शाम करीब 4:30 बजे सुरक्षाबलों को आतंकियों की पुख्ता जानकारी मिली, जिसके बाद बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान एक आतंकी ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाल लिया।
🔫 एक जवान घायल, इलाके में नाकेबंदी
मुठभेड़ के दौरान एक सुरक्षाकर्मी मामूली रूप से घायल हो गया है। दोनों तरफ से गोलीबारी रात करीब 8 बजे तक चली। इसके बाद आतंकी जंगल की ओर भाग गए।
घटनास्थल पर पहले एसएसपी मोहित शर्मा, फिर रात में IG जम्मू भीम सेन टूटी और DIG शिव कुमार पहुंचे। आतंकियों की तलाश में पूरे इलाके को सील कर नाकेबंदी कर दी गई है।
एसपी ऑपरेशन अनवर इकबाल, एसडीपीओ बिलावर नीरज पडियार और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जाहिर मुश्तक भारी सुरक्षा बल के साथ अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।
🛡️ सेना-CRPF अलर्ट, हर रूट सील
वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक आतंकियों के संभावित सभी भागने के रास्तों को घेर लिया गया है। पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाके में ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरती जा रही है। सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस संयुक्त रूप से सर्च और कॉर्डन ऑपरेशन चला रही है।

