भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज आज, रविवार 11 जनवरी 2026 से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला वडोदरा के बीसीए स्टेडियम (कोटंबी स्टेडियम) में खेला जाएगा। यह खास मौका है क्योंकि इस मैदान पर भारतीय पुरुष टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय वनडे खेलने उतरेगी, वहीं 16 साल बाद वडोदरा में मेंस क्रिकेट की वापसी हो रही है। दिलचस्प बात यह है कि 2010 में यहां आखिरी वनडे भी भारत और न्यूजीलैंड के बीच ही खेला गया था।
IND vs NZ पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों का रहेगा दबदबा
बीसीए स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजी के लिए अनुकूल माना जा रहा है, खासकर मैच की शुरुआत और पहली पारी के पहले हाफ में। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में हल्की मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे गेंद पुरानी होगी, रन बनाना आसान हो जाएगा।
34 ओवर के बाद लागू होने वाला वन-बॉल नियम डेथ ओवर्स में तेज गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकता है। मैच आगे बढ़ने के साथ स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम हो सकती है। दूसरी पारी में पिच के थोड़ा धीमा होने की संभावना है, ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है।
BCA स्टेडियम वडोदरा का ODI रिकॉर्ड
- कुल मैच: 3
- पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत: 2
- लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत: 1
- सर्वोच्च स्कोर: 358/5
- न्यूनतम स्कोर: 103/10
- चेज में सर्वोच्च स्कोर: 167/5
- पहली पारी का औसत स्कोर: 278
IND vs NZ हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे क्रिकेट में अब तक 120 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 62 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 50 जीत मिली हैं। 7 मुकाबले बेनतीजा रहे और 1 मैच टाई हुआ। पिछले 6 वनडे मैचों में, जिनमें चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल भी शामिल है, भारत ने न्यूजीलैंड को हराया है।
IND vs NZ वनडे सीरीज 2026: स्क्वॉड
भारत टीम: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल, रवींद्र जडेजा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज
न्यूजीलैंड टीम: डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), ज़ैकरी फाउल्क्स, मिशेल हे, आदित्य अशोक, क्रिश्चियन क्लार्क, जेडन लेनोक्स, निक केली, जोश क्लार्कसन, माइकल रे, काइल जैमीसन

