अदाणी की संपत्ति पर राज ठाकरे के आरोपों का फडणवीस ने दिया जवाब, बोले– अर्थव्यवस्था बढ़ी तो उद्योग भी बढ़े

Thecity news
3 Min Read

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्योगपति गौतम अदाणी की बढ़ती संपत्ति को लेकर मनसे प्रमुख राज ठाकरे के आरोपों पर करारा पलटवार किया है। एक चुनावी प्रचार सभा को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि वह न तो अदाणी के वकील हैं और न ही समर्थक, लेकिन तथ्यों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

फडणवीस ने कहा कि वर्ष 2014 में भारत विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जबकि 2026 तक भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। ऐसे में यदि देश की अर्थव्यवस्था तेज़ी से आगे बढ़ी है, तो उद्योगों और उद्यमियों का विस्तार होना स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूंजी बाजार मजबूत हुआ, जिससे कई ऐसी कंपनियां भी सूचीबद्ध हो सकीं, जिन्हें पहले यह अवसर नहीं मिल पाता था। इसका लाभ केवल अदाणी समूह को ही नहीं, बल्कि देश के कई बड़े औद्योगिक समूहों को मिला।

📊 2014 के बाद प्रमुख कंपनियों की आय में वृद्धि (फडणवीस के अनुसार)

  • टाटा समूह – 664%
  • एचडीएफसी बैंक – 377%
  • अदाणी समूह – 686%
  • इंफोसिस – 280%
  • आदित्य बिरला समूह – 566%
  • सन फार्मा – 1552%
  • हिंदुजा समूह – 376%
  • एवेन्यू (DMart) – 1166%

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि केवल अदाणी की सफलता को निशाना बनाया जाएगा, तो यह देश की समग्र आर्थिक प्रगति को नकारने जैसा होगा।


⚠️ राज ठाकरे की चेतावनी

वहीं, राज ठाकरे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक ही व्यक्ति का सीमेंट, स्टील, पोर्ट, एयरपोर्ट और बिजली जैसे अहम क्षेत्रों में वर्चस्व देश के लिए खतरनाक हो सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि अदाणी को इतना बड़ा वित्तीय सहयोग किन बैंकों और संस्थानों से मिला।

राज ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में मराठी माणूस को हाशिए पर धकेलने की साजिश रची जा रही है। उनका कहना है कि मुंबई में मराठी भाषियों को घर नहीं मिल रहे, जबकि बाहरी लोगों को बसाया जा रहा है।


🗳️ चुनावी माहौल गरम

बता दें कि महाराष्ट्र की 29 नगरपालिकाओं में 15 जनवरी को मतदान होना है और ऐसे समय में अदाणी, अर्थव्यवस्था और मराठी अस्मिता जैसे मुद्दों पर सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है।

Share This Article