टीम इंडिया ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। 200 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते जीत दर्ज करने वाली भारत अब दुनिया की नंबर-1 फुल मेंबर टीम बन गई है।
रायपुर में टूटा पाकिस्तान का रिकॉर्ड
रायपुर टी20 मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 28 गेंद बाकी रहते हराकर यह बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था, जिसने मार्च 2025 में ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ 205 रन का लक्ष्य 24 गेंद शेष रहते 9 विकेट से हासिल किया था।
टॉप-3 टीमों की सूची
- भारत – 28 गेंद शेष रहते (vs New Zealand, Raipur 2026)
- पाकिस्तान – 24 गेंद शेष रहते (vs New Zealand, Auckland 2025)
- ऑस्ट्रेलिया – 23 गेंद शेष रहते (vs West Indies, Basseterre 2025)
200+ रन चेज में सबसे ज्यादा जीत
- ऑस्ट्रेलिया – 7 बार
- भारत – 6 बार
- साउथ अफ्रीका – 5 बार
- पाकिस्तान – 4 बार
- इंग्लैंड – 3 बार
सूर्यकुमार-ईशान की धमाकेदार साझेदारी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले लय हासिल करते हुए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 23 पारियों से चला आ रहा अर्धशतक का सूखा खत्म किया। उन्होंने 37 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
सूर्या ने ईशान किशन (76 रन, 32 गेंद) के साथ महज 49 गेंदों में 122 रन की तूफानी साझेदारी की। इसके बाद शिवम दुबे (नाबाद 36) के साथ चौथे विकेट के लिए 37 गेंदों में 81 रन जोड़कर टीम इंडिया की जीत पक्की कर दी।
ईशान किशन को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत ने बराबरी की अपनी सबसे बड़ी चेज की
इस जीत के साथ भारत ने टी20 इंटरनेशनल में अपने सबसे बड़े सफल रन चेज की भी बराबरी कर ली। इससे पहले भारत ने 2023 में विशाखापत्तनम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रन का लक्ष्य हासिल किया था।

