पटना:
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट और मैट्रिक परीक्षा 2026 को लेकर इस बार कड़े नियम लागू किए गए हैं। परीक्षा केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार सिर्फ आधे घंटे के लिए ही खुलेगा। परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 से 9:00 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद किसी भी हाल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इंटर की परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक चलेगी।
8 बजे तक केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य
अपर मुख्य सचिव ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की। प्रशासनिक, पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षार्थियों को हर हाल में सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।
केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि इस नियम की जानकारी केंद्र के बाहर बड़े अक्षरों में प्रदर्शित की जाए।
- प्रवेश शुरू: सुबह 8:30 बजे
- गेट बंद: सुबह 9:00 बजे
दूसरी पाली का समय
दूसरी पाली में
- प्रवेश: दोपहर 1:00 बजे
- गेट बंद: 1:30 बजे
केंद्र पर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित
इस बार परीक्षा की निगरानी को लेकर जाने वाले अधिकारियों के पास भी मोबाइल फोन नहीं रहेगा। केंद्र पर तैनात अधिकारी मोबाइल को गाड़ी में ही छोड़कर केंद्र में प्रवेश करेंगे। इससे नकल और अनुशासनहीनता पर पूरी तरह रोक लगाने की तैयारी है।
जबरन प्रवेश या दीवार फांदने पर कार्रवाई
अपर मुख्य सचिव ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई परीक्षार्थी देर से पहुंचकर जबरन प्रवेश की कोशिश करता है या चारदीवारी फांदता है, तो इसे आपराधिक कृत्य माना जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
81 केंद्रों पर होगी इंटर परीक्षा
इस साल जिले में 81 परीक्षा केंद्रों पर इंटर की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
- 2025 में: 74 केंद्र
- 2026 में: 81 केंद्र
27 फरवरी से इंटर और 2 मार्च से मैट्रिक कॉपी जांच
बिहार बोर्ड ने कॉपी मूल्यांकन की तारीख और केंद्रों का निर्धारण कर दिया है।
- इंटर की कॉपी जांच: 27 फरवरी से
- मैट्रिक की कॉपी जांच: 2 मार्च से
जिले में
- इंटर के लिए: 5 मूल्यांकन केंद्र
- मैट्रिक के लिए: 6 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।
29 जनवरी को परीक्षकों की ट्रेनिंग
डीईओ कुमार अरविन्द सिन्हा ने बताया कि बिहार बोर्ड की ओर से परीक्षकों की औपबंधिक सूची जारी कर दी गई है।
29 जनवरी को केंद्र निदेशक, सुपरवाइजर और कंप्यूटर शिक्षकों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें बिहार बोर्ड के अधिकारी कॉपी जांच की प्रक्रिया समझाएंगे।
इंटर कॉपी जांच केंद्र
- चैपमैन बालिका प्लस टू स्कूल
- जिला स्कूल
- डीएन हाई स्कूल
- मारवाड़ी हाई स्कूल
- मुखर्जी सेमिनरी स्कूल
मैट्रिक कॉपी जांच केंद्र
- बीबी कॉलेजिएट स्कूल
- विद्या बिहार हाई स्कूल
- तिरहुत एकेडमी स्कूल
- प्रभात तारा बालिका हाई स्कूल
- आबेदा हाई स्कूल
- राधा देवी बालिका हाई स्कूल

