8 किलोमीटर दूर से दुश्मन के टैंकों पर होगा वार, अडाणी के नए मिसाइल सिस्टम ने दिखाई ताकत

Thecity news
3 Min Read

पोखरण में बघीरा एटी1 का प्रदर्शन सफल रहा, सिस्टम एक ही लेजर बीम से लगातार दो मिसाइलें दागने और हवाई लक्ष्य भेदने में सक्षम है।

अडाणी ग्रुप की रक्षा क्षेत्र से जुड़ी कंपनी अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में अपने नए एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल सिस्टम ‘बघीरा एटी1’ का सफल प्रदर्शन किया। यह सिस्टम सैन्य वाहनों पर लगाया जा सकता है। कंपनी के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान दिन और रात में निशाना साधने, एक ही लेजर बीम के सहारे एक के बाद एक दो मिसाइलें दागने और लंबी दूरी पर हवाई लक्ष्यों को निशाना बनाने की क्षमता का परीक्षण किया गया।

4×4 बख्तरबंद गाड़ियों पर लगाया गया सिस्टम

20 नवंबर को पोखरण में हुए इस प्रदर्शन को भारतीय सेना, सैन्य कार्य विभाग और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने देखा। यह ‘नो कॉस्ट नो कमिटमेंट’ प्रदर्शन था।

कंपनी के बयान के अनुसार, बघीरा एटी1 का सफल परीक्षण 18 महीने के डिजाइन और विकास कार्य का नतीजा है। इस दौरान मिसाइल सिस्टम को भारतीय भूभाग, जलवायु और सैन्य जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया। इसमें मिसाइल, स्वचालित लॉन्चर और दिन-रात देखने वाले उपकरण शामिल हैं। पूरे सिस्टम को अडाणी डिफेंस द्वारा विकसित 4×4 हाई मोबिलिटी वाली बख्तरबंद गाड़ी पर लगाया गया है।

8 किलोमीटर तक टैंक को निशाना बनाने की क्षमता

कंपनी के मुताबिक, बघीरा एटी1 करीब 8 किलोमीटर की दूरी तक बख्तरबंद वाहनों को निशाना बना सकती है। यह जमीन से दागी जाने वाली एंटी-टैंक मिसाइलों की बताई गई लगभग 4 किलोमीटर की मारक दूरी से दोगुनी है।

यह मिसाइल रेडियो लिंक के बजाय लेजर बीम के सहारे लक्ष्य तक पहुंचती है। कंपनी का दावा है कि इस तकनीक के कारण इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग का असर इस पर नहीं होता। एक ही लक्ष्य पर एक ही लेजर बीम के जरिए तेजी से दो मिसाइलें लगातार दागी जा सकती हैं।

एक गाड़ी में रखी जा सकती हैं कुल 12 मिसाइलें

बघीरा एटी1 की रणनीति में एक ही लक्ष्य पर दो मिसाइलें दागने की क्षमता भी शामिल है। कंपनी के अनुसार, पहली मिसाइल टैंक के एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम (एपीएस) को उलझाती है, जबकि दूसरी उसके सुरक्षा कवच को भेदने के लिए तैयार की गई है।

स्वचालित लॉन्चर में दागने के लिए तैयार चार मिसाइलें रखी जा सकती हैं, जबकि गाड़ी के भीतर आठ अतिरिक्त मिसाइलों की जगह है। इस तरह एक वाहन पर कुल 12 मिसाइलों की क्षमता मिलती है।

इस सिस्टम में चालक दल सुरक्षित आड़ से हमला कर सकता है और दुश्मन की गोलीबारी से बचने के लिए वाहन को तेजी से दूसरी जगह ले जा सकता है। कंपनी का यह भी दावा है कि बघीरा एटी1 विस्तारित दूरी पर हवाई लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम है।

Share This Article