
पर्थ। पर्थ में खेले गए पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 7 विकेट से हराया, और तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। बारिश के कारण मैच कई बार रोकना पड़ा और ओवरों में कटौती करके 26 ओवर का मुकाबला कराया गया। भारत ने बल्लेबाजी करते हुए 26 ओवर में 9 विकेट पर 136 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया ने डकवर्थ लुइस नियम से लक्ष्य हासिल किया
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करने वाली ऑस्ट्रेलिया को 26 ओवर में 131 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। जवाब में मेजबान टीम ने 21.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाकर जीत हासिल की। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड और मैथ्यू शॉर्ट जल्दी आउट हुए, लेकिन कप्तान मिचेल मार्श और जोश फिलिप ने 50+ रनों की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब ले आए। अंत में मार्श (46) और मैट रैंशॉ (21) ने टीम को जीत दिलाई।
भारत की बल्लेबाजी में रोहित और कोहली फेल
भारत की शुरुआत बेहद कमजोर रही। रोहित शर्मा (8) और विराट कोहली (0) पावरप्ले में ही आउट हो गए। कप्तान शुभमन गिल भी जल्दी आउट हुए। अक्षर पटेल (31) और केएल राहुल (38) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन बारिश और ओवरों की कमी ने उनकी लय बिगाड़ दी। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू कुहनेमैन, मिचेल ओवन और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मिचेल स्टार्क और नाथन एलिस ने एक-एक विकेट हासिल किया।
सीरीज का अगला मैच
सीरीज का दूसरा वनडे मुकाबला 23 अक्टूबर को एडिलेड में खेला जाएगा।

