भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ब्राह्मण समाज की बैठकें आयोजित करने वाले पार्टी के जनप्रतिनिधियों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि इस तरह की गतिविधियां भाजपा के सिद्धांतों, संविधान और आदर्शों के खिलाफ हैं और भविष्य में दोहराए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट के बाद आया बयान
प्रदेश अध्यक्ष ने यह बयान मीडिया में प्रसारित एक खबर के संदर्भ में दिया, जिसमें विधानसभा सत्र के दौरान कुछ भाजपा जनप्रतिनिधियों द्वारा विशेष भोज और अपने समाज से जुड़ी चर्चा किए जाने की बात सामने आई थी।
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा एक सिद्धांत-आधारित राजनीतिक दल है और पार्टी जाति, वर्ग या परिवार विशेष की राजनीति में विश्वास नहीं करती।
सभी जनप्रतिनिधियों को दी गई सख्त चेतावनी
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने संबंधित जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी है। उन्हें समझाया गया है कि ऐसी कोई भी गतिविधि भाजपा की संवैधानिक परंपराओं और अनुशासन के विरुद्ध है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में सभी जनप्रतिनिधियों को पूर्ण सतर्कता बरतनी होगी और इस तरह के आयोजनों से बचना होगा।
दोबारा हुआ तो होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
पंकज चौधरी ने कहा कि इस प्रकार की बैठकों से समाज में गलत संदेश जाता है और भाजपा की समावेशी राजनीति की छवि को नुकसान पहुंचता है।
उन्होंने दो टूक कहा कि यदि भविष्य में किसी भी भाजपा नेता या जनप्रतिनिधि ने इस तरह की गतिविधियों को दोहराया, तो उसे पार्टी संविधान के अनुसार अनुशासनहीनता माना जाएगा और उस पर सख्त कार्रवाई होगी।
जातिवाद की राजनीति पर हमला
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा विविधतापूर्ण लोकतंत्र में समावेशी और सर्वस्पर्शी राजनीति को बढ़ावा दे रही है। बदलते राजनीतिक परिदृश्य में जाति आधारित राजनीति की कोई जगह नहीं है।
उन्होंने परिवार और जाति की राजनीति करने वाले नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि वे विकासशील सोच के अनुरूप खुद को नए तरीके से परिभाषित करें।
विकास और राष्ट्रवाद को बताया भाजपा की पहचान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि विकास और राष्ट्रवाद आधारित राजनीति के सामने विपक्ष की जातिवाद वाली राजनीति कमजोर पड़ रही है।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने सामाजिक न्याय, समावेशी और सर्वस्पर्शी राजनीति को मजबूत किया है, जिसके चलते सपा, बसपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों का राजनीतिक भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की मर्यादा और अनुशासन में रहकर ही कार्य करें और किसी भी नकारात्मक नैरेटिव का हिस्सा न बनें।

