देशभर में शुक्रवार से Central Board of Secondary Education यानी CBSE की 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। यह परीक्षा उन छात्रों के लिए बड़ा अवसर मानी जा रही है जो फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित मुख्य बोर्ड परीक्षा में किसी विषय में फेल हो गए थे या अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं। पहले दिन छात्रों ने गणित स्टैंडर्ड और गणित बेसिक का पेपर दिया। सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों और अभिभावकों की भीड़ देखने को मिली।
करीब 6 लाख छात्र दूसरी परीक्षा में शामिल
CBSE के अनुसार इस बार दूसरी बोर्ड परीक्षा में लगभग 6 लाख छात्र हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 85 हजार से ज्यादा विद्यार्थी कंपार्टमेंट कैटेगरी के हैं, जबकि 5 लाख 25 हजार से अधिक छात्रों ने अपने अंक सुधारने के लिए आवेदन किया है। बड़ी संख्या में छात्र बेहतर रिजल्ट हासिल कर आगे की पढ़ाई और करियर में फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
एक ही शिफ्ट में आयोजित हो रही परीक्षा
बोर्ड ने सभी परीक्षाएं एक ही शिफ्ट में कराने का फैसला किया है। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:30 बजे तक चलेगी। हालांकि कुछ व्यावसायिक और स्किल आधारित विषयों की परीक्षा दो घंटे की रखी गई है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और जांच व्यवस्था को भी कड़ा किया गया है।
जानिए किस दिन कौन सा पेपर
15 मई
- गणित स्टैंडर्ड
- गणित बेसिक
16 मई
- अंग्रेजी कम्युनिकेटिव
- अंग्रेजी लैंग्वेज एंड लिटरेचर
18 मई
- साइंस
19 मई
- हिंदी
- उर्दू
- पंजाबी
- बंगाली
- तमिल
- तेलुगु
- मराठी
- गुजराती
- मलयालम
- संस्कृत
- फ्रेंच
- जर्मन
इसी दिन हिंदुस्तानी म्यूजिक, रिटेल और टूरिज्म जैसे विषयों की परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
20 मई
- पेंटिंग
- इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
21 मई
- सोशल साइंस
इसी के साथ CBSE 10वीं दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 समाप्त हो जाएगी।
छात्रों के लिए CBSE की सख्त गाइडलाइन
CBSE ने परीक्षा को लेकर छात्रों के लिए कई अहम निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने साफ कहा है कि सुबह 10 बजे के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि सुरक्षा जांच समय पर पूरी हो सके।
यूनिफॉर्म और एडमिट कार्ड जरूरी
बोर्ड के अनुसार सभी छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर ही परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। इसके साथ एडमिट कार्ड और स्कूल आईडी कार्ड लाना अनिवार्य किया गया है। जरूरी दस्तावेज नहीं होने पर छात्रों को परीक्षा में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मोबाइल और स्मार्ट वॉच पर पूरी तरह बैन
परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। बोर्ड ने छात्रों को केवल जरूरी स्टेशनरी सामान साथ लाने की सलाह दी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।

