Elon Musk vs OpenAI: सैम ऑल्टमैन को मस्क की खुली चेतावनी, बोले– मुकदमे की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार

Thecity news
3 Min Read

अरबपति उद्योगपति एलन मस्क और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI के बीच चल रहा विवाद अब और तीखा होता नजर आ रहा है। टेस्ला और स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क ने OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन को खुली चेतावनी दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में मस्क ने कहा कि वह मुकदमे की शुरुआत के लिए बेताब हैं, क्योंकि जांच और गवाही के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

मस्क ने इससे पहले एक पोस्ट में यह भी दावा किया था कि OpenAI के खिलाफ चल रहे मुकदमे में उनकी जीत की संभावना 57 फीसदी है।

क्या हैं एलन मस्क के आरोप?

एलन मस्क ने OpenAI पर उसके गैर-लाभकारी (Non-Profit) सिद्धांतों से भटकने और धोखा देने का आरोप लगाया है। मस्क OpenAI के सह-संस्थापक भी रह चुके हैं और उन्होंने कंपनी के मौजूदा ढांचे पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

मस्क का दावा है कि OpenAI को मानवता के हित में AI विकसित करने के लिए बनाया गया था, लेकिन अब यह एक लाभ कमाने वाली कंपनी के रूप में काम कर रही है।

OpenAI अध्यक्ष के कथित स्वीकार पर मस्क की प्रतिक्रिया

एलन मस्क ने एक पोस्ट में लिखा कि नए अदालती दस्तावेजों से पता चलता है कि OpenAI के अध्यक्ष ग्रेग ब्रॉकमैन ने स्वीकार किया है कि वह कंपनी को लाभ कमाने वाली इकाई में बदलना चाहते थे।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मस्क ने कहा,

“मुकदमे की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार है। जांच और गवाही आपको चौंका देगी।”

सैम ऑल्टमैन का जवाब

ChatGPT बनाने वाली कंपनी के CEO सैम ऑल्टमैन ने एलन मस्क के आरोपों पर पलटवार किया है। ऑल्टमैन ने उन कॉल नोट्स को साझा किया है, जिनका जिक्र मस्क ने अपनी कानूनी फाइलिंग में किया था।

ऑल्टमैन ने लिखा,

“एलन, ग्रेग को बदनाम करने के लिए चुनिंदा बातें कह रहे हैं, लेकिन पूरी कहानी यह है कि वह एक नई संरचना के लिए दबाव डाल रहे थे। ग्रेग और इल्या ने यह समझने में काफी समय लगाया कि क्या वे उनकी मांगों को पूरा कर सकते हैं।”

क्यों अहम है यह मामला?

एलन मस्क और OpenAI के बीच यह कानूनी लड़ाई न सिर्फ टेक इंडस्ट्री बल्कि पूरी AI दुनिया के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। इस मुकदमे का असर AI कंपनियों के कॉर्पोरेट स्ट्रक्चर, नॉन-प्रॉफिट मॉडल और भविष्य की रेगुलेशन नीतियों पर भी पड़ सकता है।

Share This Article