राहुल गांधी का दावा: हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी, चुनाव आयोग पर लगाया झूठ बोलने का आरोप | Haryana Election Fraud Allegation

Thecity news
4 Min Read

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। इस बार उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में “25 लाख वोट चोरी” किए गए। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि एग्जिट पोल में कांग्रेस की जीत दिख रही थी, लेकिन “नतीजे जमीनी सच्चाई से अलग निकले”।


राहुल का आरोप – हरियाणा में 25 लाख वोटों की चोरी

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी हुए हैं। इनमें से 5 लाख डुप्लीकेट मतदाता, 93,000 गलत पते वाले मतदाता, 19 लाख बल्क वोटर और बाकी फॉर्म-6 व फॉर्म-7 के गलत इस्तेमाल से जोड़े गए थे। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले 3.5 लाख मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाए गए — जिनमें ज़्यादातर कांग्रेस समर्थक थे।


एक महिला का नाम दो बूथों पर 223 बार दर्ज – राहुल गांधी

राहुल ने मतदाता सूची दिखाते हुए कहा कि एक महिला का नाम दो बूथों पर 223 बार दर्ज है। उन्होंने कहा, “इस महिला के नाम पर कोई भी जाकर मतदान कर सकता है। अगर उस बूथ के कैमरा फुटेज मांगे जाएं तो पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।” राहुल ने यह भी कहा कि कई मतदाताओं के नाम और फोटो एक से अधिक बार दर्ज किए गए हैं।


ब्राजील की महिला ने 22 बार किया मतदान: राहुल का दावा

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस केवल 22,779 वोटों से हरियाणा चुनाव हारी, जबकि एग्जिट पोल में पार्टी को बहुमत दिखाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि “एक ब्राजील की महिला के नाम से 22 बार वोट डाले गए।” राहुल ने कहा कि पोस्टल बैलेट और वास्तविक वोट के आंकड़ों में बड़ा अंतर पहली बार देखा गया है।


भाजपा नेताओं के नाम दो राज्यों की मतदाता सूची में

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि कुछ भाजपा नेताओं के नाम उत्तर प्रदेश और हरियाणा दोनों राज्यों की मतदाता सूचियों में दर्ज हैं। उन्होंने दो उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा “वोट चोरी की संगठित व्यवस्था” चला रही है। राहुल ने मकान नंबर ‘जीरो’ को लेकर भी सवाल उठाया, यह बताते हुए कि कई अमीर लोगों के मकान नंबर “जीरो” दिखाए गए हैं।


CEC पर झूठ बोलने का आरोप, कार्रवाई की मांग

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर “जनता से झूठ बोलने” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “CEC ने दावा किया कि जिनके घर नहीं हैं, उन्हें मकान नंबर जीरो दिया जाता है, जबकि हमारे पास वीडियो सबूत हैं कि उनके आलीशान घर हैं।” राहुल ने कहा कि अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा, तो देश में लोकतंत्र खतरे में है।


पहले भी कर चुके हैं वोट चोरी के आरोप

राहुल गांधी इससे पहले भी कई बार चुनावी गड़बड़ियों को लेकर खुलासे कर चुके हैं। 18 सितंबर को उन्होंने कर्नाटक चुनाव में वोट डिलीट करने के आरोप लगाए थे, वहीं 7 अगस्त को महाराष्ट्र और बेंगलुरु में लाखों संदिग्ध मतदाताओं की बात कही थी। उन्होंने कहा कि “यह कोई एक राज्य का मामला नहीं, बल्कि लोकतंत्र के साथ छेड़छाड़ की संगठित कोशिश है।”

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *