हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार में शिमला से कुपवी जा रही निजी बस खाई में गिर गई। हादसे में 7 यात्रियों की मौत, कई घायल। राहत-बचाव कार्य जारी।
क्या है पूरा मामला?
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक निजी बस खाई में गिर गई, जिसमें अब तक 7 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह हादसा रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार इलाके में हुआ। घटना के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
शिमला से कुपवी जा रही थी बस
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह निजी बस शिमला से कुपवी की ओर जा रही थी।
हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस करीब 60 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए हैं और पुलिस व प्रशासन की टीम राहत-बचाव कार्य में जुटी हुई है।
विधायक ने की घटना की पुष्टि
रेणुकाजी से कांग्रेस विधायक विनय कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ मिलकर घायलों को हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।
मृतकों की पहचान अभी नहीं
पुलिस ने बताया कि सभी मृतक और घायल हिमाचल प्रदेश के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। प्रशासन की ओर से सूची तैयार करने का काम जारी है।
राहत-बचाव कार्य जारी
प्रशासन के मुताबिक, दुर्घटनास्थल का इलाका दुर्गम होने के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है, लेकिन जेसीबी, एंबुलेंस और पुलिस बल मौके पर तैनात हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जा रहा है।

