IND vs NZ ODI Series 2026: गिल-श्रेयस की वापसी, लेकिन विजय हजारें में 4 शतक ठोकने वाला ये खिलाड़ी फिर हुआ नजरअंदाज

Thecity news
3 Min Read

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में नियमित कप्तान शुभमन गिल और उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है। हालांकि श्रेयस अय्यर का चयन फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही पूरी तरह से कन्फर्म माना जाएगा।

गिल और अय्यर की टीम में वापसी के साथ ही ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा जैसे फॉर्म में चल रहे खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया गया है। यह फैसला फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

गायकवाड़-तिलक बाहर, चयन पर सवाल

ऋतुराज गायकवाड़ ने हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में शतक जड़ा था, वहीं तिलक वर्मा विजय हजारें ट्रॉफी 2025-26 में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। इसके बावजूद दोनों को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे स्क्वॉड में जगह नहीं मिली।

देवदत्त पडिक्कल: जिनकी कोई बात नहीं कर रहा

इन सबके बीच एक ऐसा नाम भी है, जिस पर ज्यादा चर्चा नहीं हो रही है—देवदत्त पडिक्कल। बाएं हाथ के इस ओपनर का बल्ला इस समय विजय हजारें ट्रॉफी में जमकर रन उगल रहा है।

पडिक्कल ने अब तक खेले गए 5 मुकाबलों में 4 शतक जड़ दिए हैं। इस दौरान उन्होंने 102 से ज्यादा की औसत के साथ 514 रन बनाए हैं। इसके बावजूद उन्हें भारतीय वनडे टीम में जगह नहीं मिली।

विजय हजारें ट्रॉफी में शानदार रिकॉर्ड

देवदत्त पडिक्कल का रिकॉर्ड सिर्फ इस सीजन में ही नहीं, बल्कि शुरुआत से ही शानदार रहा है।

  • मैच: 33
  • रन: 2525
  • औसत: 94.74
  • 50+ स्कोर: 25
  • शतक: 12

इतना दमदार डोमेस्टिक रिकॉर्ड होने के बावजूद पडिक्कल को अब तक 50 ओवर फॉर्मेट में भारत के लिए डेब्यू का मौका नहीं मिला है।

टेस्ट और टी20 में कर चुके हैं डेब्यू

यह दिलचस्प बात है कि देवदत्त पडिक्कल टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए डेब्यू कर चुके हैं, लेकिन वनडे फॉर्मेट में उन्हें अब भी इंतजार करना पड़ रहा है।

क्रिकेट फैंस के बीच अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद चयनकर्ताओं का भरोसा जीत पाना इतना मुश्किल है?

Share This Article