भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार को दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेला गया, जहां मैदान के साथ-साथ माहौल भी बेहद गर्म नजर आया। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 191 रनों से करारी शिकस्त देकर दूसरी बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया।
🏏 348 रनों के लक्ष्य के सामने ढह गई भारतीय टीम
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने भारत के सामने 348 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। जवाब में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और टीम इंडिया 26.2 ओवर में सिर्फ 156 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारतीय बल्लेबाज लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रहे और मैच पूरी तरह पाकिस्तान के पक्ष में चला गया।
🔥 मैदान पर हुई तीखी झड़प, अंपायर को करना पड़ा दखल
मैच के दौरान दुबई में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे तीसरे ओवर में आउट होकर पवेलियन लौट रहे थे, तभी अंपायर ने उन्हें रुकने के लिए कहा। इसी दौरान पाकिस्तानी तेज गेंदबाज अली रजा ने कुछ कहा, जिससे आयुष भड़क गए और जवाब देते नजर आए। हालांकि अंपायर ने समय रहते हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
👟 वैभव सूर्यवंशी का अलग अंदाज में जवाब, वीडियो वायरल
इसके कुछ ही देर बाद 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी भी अली रजा की गेंद पर आउट हुए। इससे पहले उन्होंने अली रजा के पहले ओवर में 21 रन ठोककर अपने इरादे जाहिर कर दिए थे।
जब वैभव 26 रन बनाकर आउट हुए, तो अली रजा ने जरूरत से ज्यादा आक्रामक जश्न मनाया। इसका जवाब वैभव सूर्यवंशी ने अलग अंदाज में दिया। पवेलियन लौटते समय उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ियों की ओर अपने जूते की तरफ इशारा किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
⭐ पाकिस्तान की शानदार बल्लेबाजी
पाकिस्तान की जीत के हीरो रहे मिन्हास, जिन्होंने 113 गेंदों पर 172 रन की तूफानी पारी खेली। यह इस टूर्नामेंट में उनका दूसरा शतक था।
गौरतलब है कि इसी मैदान पर ग्रुप स्टेज में भारत ने पाकिस्तान को 90 रन से हराया था, लेकिन फाइनल में पाकिस्तान ने शानदार बदला ले लिया।
🏆 पाकिस्तान ने दूसरी बार जीता U19 एशिया कप
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने दूसरी बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया, जबकि भारत को फाइनल में करारी हार का सामना करना पड़ा।

