साल 2025 के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार ने निवेशकों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। बुधवार, 31 दिसंबर को बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई और सेंसेक्स लगभग 200 अंकों की बढ़त के साथ 84,870 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
निफ्टी भी 70 अंकों की तेजी के साथ 26,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया। मीडिया, मेटल और ऑयल एंड गैस सेक्टर्स में जबरदस्त खरीदारी देखी जा रही है, जो बाजार को ऊपर ले जाने में मुख्य भूमिका निभा रही है।
सेक्टोरल इंडेक्स में चौतरफा हरियाली
आज के कारोबार में NSE के सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में ट्रेड कर रहे हैं। मीडिया और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर और निफ्टी के 50 में से 40 शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।
ग्लोबल मार्केट का मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई और कोरिया का कोस्पी बंद हैं। हालांकि, हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट हल्की गिरावट के साथ खुले। अमेरिकी बाजारों में भी पिछली सत्र में मामूली गिरावट देखी गई। इसके बावजूद भारतीय बाजार ने मजबूती दिखाई।
घरेलू निवेशकों का जबरदस्त सपोर्ट
विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली के बावजूद घरेलू निवेशकों ने बाजार को मजबूती से संभाला। दिसंबर महीने में विदेशी निवेशकों ने ₹30,752 करोड़ के शेयर बेचे, जबकि घरेलू निवेशकों ने ₹72,860 करोड़ से ज्यादा की खरीदारी की। कल भी घरेलू निवेशकों ने लगभग ₹6,160 करोड़ के शेयर खरीदकर बाजार को गिरने से बचाया।
कल की गिरावट से उबरा बाजार
बीते मंगलवार को शेयर बाजार में सुस्त और फ्लैट कारोबार देखने को मिला था। सेंसेक्स मामूली गिरकर बंद हुआ। ऑटो और बैंकिंग में मामूली बढ़त के बावजूद मीडिया और रियल्टी सेक्टर में बिकवाली का दबाव था। आज की तेजी ने कल के मामूली नुकसान की भरपाई कर दी।
निवेशकों के लिए बढ़ती उम्मीदें
आज की तेजी से संकेत मिलता है कि नए साल 2026 की शुरुआत से पहले निवेशकों का नजरिया सकारात्मक बना हुआ है। ऑयल एंड गैस सेक्टर में मजबूती ने इंडेक्स को भारी सहारा दिया। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यदि निफ्टी 26,000 के ऊपर टिकता है, तो आने वाले समय में बड़ी रैली देखी जा सकती है।

