84 छात्रों सहित 164 नागरिक सुरक्षित लौटे; फुजैराह से उड़ान, मुंबई एयरपोर्ट पर भावुक स्वागत
मुंबई: पश्चिम एशिया में जारी इजरायल-ईरान संघर्ष के बीच खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव का असर भारतीयों पर भी पड़ा। दुबई में फंसे महाराष्ट्र के 84 छात्रों सहित कुल 164 नागरिकों की सुरक्षित वापसी राज्य सरकार की सक्रिय पहल से संभव हो पाई। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हस्तक्षेप के बाद दो विशेष विमानों के जरिए सभी यात्रियों को मुंबई लाया गया।
मंगलवार आधी रात जब दुबई से विशेष विमान मुंबई एयरपोर्ट पर उतरा, तो यात्रियों और उनके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। एयरपोर्ट पर शिवसेना की प्रवक्ता Shaina NC सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे और यात्रियों का स्वागत किया। लौटे नागरिकों ने उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया और शिवसेना जिंदाबाद के नारे लगाए।
शिंदे की सक्रियता से छात्रों को बड़ी राहत
वापस लाए गए 164 लोगों में 84 छात्र शामिल थे, जो एक एजुकेशनल प्रोग्राम के तहत दुबई गए थे। क्षेत्र में युद्धजन्य हालात के कारण वे वहीं फंस गए थे, जिससे उनके परिवारों में दहशत का माहौल था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ने तुरंत संबंधित अधिकारियों और अभिभावकों से संपर्क साधा। दो विशेष उड़ानों की व्यवस्था कर सभी नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया गया।
राज्य सरकार ने एक इमरजेंसी व्हाट्सऐप हेल्पलाइन भी शुरू की, जिसके माध्यम से दुबई में मौजूद नागरिकों और उनके परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया। सिविल प्रशासन, विदेश विभाग और स्थानीय समुदाय के बीच समन्वय स्थापित कर राहत कार्य को तेज किया गया, जिससे फंसे नागरिकों को मानसिक राहत भी मिली।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि दुबई में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों की ‘घर वापसी’ सफलतापूर्वक पूरी हुई है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah के सहयोग और मार्गदर्शन का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि फुजैराह एयरपोर्ट से रवाना हुए यात्री सुरक्षित रूप से मुंबई पहुंच गए हैं और राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में अपने नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है।

