कन्नड़ अभिनेता धनुष राज ने पत्नी के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, मारपीट और धमकी का आरोप

Thecity news
2 Min Read

कन्नड़ अभिनेता धनुष राज ने पत्नी अर्शिता के खिलाफ बेंगलुरु के गिरिनगर थाने में मारपीट, उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

कन्नड़ सिनेमा जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जाने-माने अभिनेता धनुष राज ने अपनी पत्नी अर्शिता के खिलाफ बेंगलुरु के गिरिनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अभिनेता ने पत्नी पर कथित तौर पर शारीरिक मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

धनुष राज की शिकायत के आधार पर गिरिनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

विदेश यात्रा को लेकर शक का आरोप

न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी अर्शिता उन पर शक करती थीं। उन्हें संदेह था कि धनुष किसी दूसरी महिला के साथ विदेश यात्रा पर गए थे।

अभिनेता ने पुलिस को बताया कि वह काम के सिलसिले में विदेश यात्रा पर गए थे, लेकिन पत्नी ने शक के चलते उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अर्शिता ने गुंडों को बुलाकर जान से मारने की धमकी दी।

सुरक्षा के लिए पुलिस से लगाई गुहार

रिपोर्ट के अनुसार, धनुष राज ने शिकायत पत्र में यह भी कहा है कि उनकी पत्नी ने घर के बाथरूम का शीशा तोड़ दिया और अपना हाथ काटकर आत्महत्या करने की धमकी दी।

अभिनेता का कहना है कि पत्नी की ओर से लगातार मिल रही धमकियों और उत्पीड़न के कारण उन्हें अपनी जान की सुरक्षा को लेकर डर है, इसी वजह से उन्होंने पुलिस से मदद मांगी है।

कन्नड़ सिनेमा में पहचान

धनुष राज ने कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में मिस्ट्री-थ्रिलर फिल्म ‘शिवाजी सूरतकल’ समेत कई शॉर्ट फिल्मों और टीवी शोज में काम कर अपनी पहचान बनाई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article