कानपुर।
कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (KIT) में सोमवार को बीटेक, बीसीए और एमसीए छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। फीस और फर्जी ‘ऑटोनॉमस’ दावे से परेशान छात्रों ने कैंपस में दिनभर तोड़फोड़ की और देर शाम नए कॉन्फ्रेंस रूम में आग लगा दी।
छात्रों का आरोप
छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें पिछले सत्र में झूठी जानकारी देकर दाखिला लिया। सामान्य कॉलेज की तुलना में छात्रों से अधिक फीस ली गई।
छात्रों ने बताया कि परीक्षा पैटर्न और AKTU में इनरोलमेंट में गड़बड़ी है। कई छात्रों का विश्वविद्यालय में इनरोलमेंट नहीं हुआ, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है। अंतिम वर्ष के छात्रों ने कहा कि विवाद के कारण उनका प्लेसमेंट प्रभावित हो सकता है।
आगजनी और तोड़फोड़
सुबह से शुरू हुए हंगामे में छात्रों ने गमले, खिड़कियों के शीशे, कुर्सियां और होर्डिंग्स तोड़ दी। छात्रों ने कॉलेज निदेशक के साथ धक्कामुक्की की। देर शाम नए कॉन्फ्रेंस रूम में आग लगाई गई, जिसे फायर ब्रिगेड ने नियंत्रित किया। कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं की सुरक्षा के लिए उन्हें हॉस्टल में बंद किया था।
प्रशासन और AKTU का हस्तक्षेप
भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीएम नर्वल, एसीपी चकेरी और एडीएम सिटी सहित AKTU टीम ने स्थिति का जायजा लिया। छात्रों की मांग थी कि फीस वापस की जाए और जिनका इनरोलमेंट नहीं हुआ उनका इनरोलमेंट कराया जाए।
कैंपस में देर शाम अधिकारियों, प्रबंधन और छात्रों के बीच बातचीत हुई। केआईटी निदेशक ब्रजेश वार्ष्णेय ने आश्वासन दिया कि प्रवेश निरस्त कराने वाले छात्रों की फीस वापस की जाएगी और जिन छात्रों का इनरोलमेंट नहीं हुआ उनका इनरोलमेंट कराया जाएगा।

