नई टिप्पणी से सियासत गरमाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक और टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया है। इस बार विवाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नहीं, बल्कि भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद को लेकर है। ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिका की ओर से भारी टैरिफ लगाए जाने के बाद भारत ने रूसी तेल आयात कम करने की इच्छा जताई थी।
ट्रंप ने क्या कहा था?
खड़गे के मुताबिक, एक ऑडियो क्लिप में ट्रंप को यह कहते सुना गया कि प्रधानमंत्री मोदी उन्हें खुश करना चाहते थे। खड़गे ने कहा कि ट्रंप के अपरंपरागत तरीके दुनिया जानती है और ऐसी टिप्पणियां भारत की संप्रभुता पर सवाल खड़े करती हैं।
मोदी पर सीधा निशाना
खड़गे ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “मुझे समझ नहीं आता कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप के सामने क्यों झुक रहे हैं। यह देश के लिए हानिकारक है। प्रधानमंत्री को किसी विदेशी नेता को खुश करने के बजाय देश के हित में खड़ा होना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत ने प्रधानमंत्री को इसलिए नहीं चुना कि वह किसी अन्य देश के राष्ट्रपति की हर बात से सहमत हों।
‘मोगैम्बो खुश हुआ’ वाला तंज
खड़गे ने अपनी बात रखते हुए फिल्म मिस्टर इंडिया के मशहूर डायलॉग का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप की टिप्पणी सुनकर उन्हें ‘मोगैम्बो खुश हुआ’ याद आ गया, जो यह दिखाता है कि ट्रंप खुद को नियंत्रक की भूमिका में देख रहे हैं।
वैश्विक राजनीति पर भी चिंता
कांग्रेस अध्यक्ष ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो से जुड़े घटनाक्रम और अमेरिका की भूमिका पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी देश को डराने या धमकाने की नीति लंबे समय तक नहीं चलती और इससे वैश्विक शांति को खतरा पैदा होता है।

