बेहाला के सखेरबाजार इलाके में माइक विवाद के बाद हिंसा, बिप्लब देब की रैली वाला मंच जलने का आरोप
कोलकाता:
पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी कोलकाता के बेहाला इलाके में रविवार शाम सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थकों के बीच जोरदार झड़प हो गई। इस दौरान एक अस्थायी मंच में आग लगाए जाने की घटना भी सामने आई है। हालांकि दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
यह घटना कोलकाता के दक्षिण-पश्चिमी बाहरी क्षेत्र बेहाला के सखेरबाजार इलाके में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक स्थानीय क्लब द्वारा तेज आवाज में माइक के इस्तेमाल को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते राजनीतिक झड़प में बदल गया। इसी दौरान उस अस्थायी मंच को आग के हवाले कर दिया गया, जहां त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता बिप्लब देब ने दोपहर में जनसभा को संबोधित किया था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को फैलने से पहले ही बुझा दिया गया।
बीजेपी कार्यकर्ताओं पर बदसलूकी का आरोप
बेहाला पुरबा विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी विधायक रत्ना चटर्जी ने पूरे मामले के लिए बीजेपी समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बैडमिंटन टूर्नामेंट के दौरान कुछ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने क्लब के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ी।
मीडिया से बातचीत में रत्ना चटर्जी ने कहा कि सबसे पहले बीजेपी समर्थक ही उग्र हुए थे और अस्थायी मंच में आग भी उन्हीं लोगों ने लगाई।
टीएमसी पर मंच जलाने का बीजेपी का आरोप
वहीं, बीजेपी नेताओं ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए टीएमसी कार्यकर्ताओं पर मंच जलाने का आरोप लगाया है। बीजेपी का दावा है कि सखेरबाजार में असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर उस मंच को आग लगाई, जहां से बिप्लब देब ने रैली को संबोधित किया था।
बीजेपी नेताओं के अनुसार, यह मंच आगामी बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ के तहत तैयार किया गया था। पार्टी का आरोप है कि टीएमसी के गुंडे लगातार बीजेपी के कार्यक्रमों को निशाना बना रहे हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ा सियासी तनाव
घटना ने साफ कर दिया है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। प्रशासन की ओर से फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।

