महाराष्ट्र के नासिक में सामने आए हाई-प्रोफाइल सेक्स स्कैंडल मामले में आरोपी ढोंगी बाबा अशोक खरात को लेकर नए और बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद उसे फिर से कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसकी रिमांड 29 मार्च तक बढ़ा दी गई।
कोर्ट में सरकारी वकीलों का बड़ा दावा
नासिक सेशन कोर्ट में सुनवाई के दौरान सरकारी वकीलों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सिद्धि साधना के नाम पर आरोपी ने नरबलि दी हो सकती है।
वकीलों के मुताबिक, खरात के पास से 6.53 लाख रुपये नकद और एक लैपटॉप जब्त किया गया है। इसके अलावा उसके फार्महाउस से 5 खाली कारतूस भी बरामद हुए हैं।
महिलाओं के शोषण के साथ 5 लोगों की बलि का शक
सरकारी पक्ष ने अदालत को बताया कि खुद को ‘सिद्ध पुरुष’ बताने वाला 67 वर्षीय खरात न केवल महिलाओं का यौन शोषण करता था, बल्कि उस पर 5 लोगों की बलि देने का भी शक है।
बताया गया कि लोगों में डर पैदा करने के लिए उन्हें बाघ और सांप दिखाए जाते थे, जबकि कस्तूरी जैसी चीजें देकर उन्हें भ्रमित किया जाता था।
विधानसभा में CM देवेंद्र फडणवीस का बड़ा खुलासा
इस मामले की गूंज राज्य विधानसभा तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अब तक 8 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं और उसके 35 अश्लील वीडियो भी सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने ‘दैवीय शक्तियों’ और ‘ब्रह्मांड विज्ञान’ के नाम पर हाई-प्रोफाइल महिलाओं का मानसिक और शारीरिक शोषण किया और बड़ी संपत्ति भी बनाई।
देश छोड़कर भागने की फिराक में था आरोपी
जांच एजेंसियों के अनुसार, अशोक खरात देश छोड़कर भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उसे पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया।
सीएम ने साफ कहा कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का।
बचाव पक्ष की दलील खारिज
खरात के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि जांच पिछले 7 दिनों से चल रही है और आगे रिमांड की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब्त सामान में पेन ड्राइव का जिक्र क्यों नहीं है।
हालांकि, कोर्ट ने इन दलीलों को खारिज करते हुए पुलिस कस्टडी बढ़ाने का फैसला सुनाया।
कोर्ट में आरोपी की हालत खराब
सुनवाई के दौरान जज ने जब आरोपी से उसकी सफाई पूछी, तो उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसे सांप, बाघ जैसी किसी चीज के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इस दौरान उसकी शारीरिक स्थिति भी कमजोर नजर आई।

