द हंड्रेड लीग में पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर संकट, भारतीय मालिकों की चार टीमों ने ऑक्शन से बनाई दूरी

Thecity news
3 Min Read

भारत-पाक तनाव के बीच मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, एमआई लंदन, सदर्न ब्रेव और सनराइजर्स लीड्स ने नहीं लगाएंगे बोली; 11-12 मार्च को लंदन में होगी नीलामी

भारत और पाकिस्तान के बीच बिगड़ते कूटनीतिक संबंधों का असर अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट लीगों पर भी दिखने लगा है। इंग्लैंड की प्रतिष्ठित The Hundred में इस बार पाकिस्तानी खिलाड़ियों को बड़ा झटका लग सकता है। लीग की चार फ्रेंचाइजी टीमों ने संकेत दिए हैं कि वे आगामी ऑक्शन में किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी पर बोली नहीं लगाएंगी।

बताया जा रहा है कि Manchester Super Giants, MI London, Southern Brave और Sunrisers Leeds जैसी टीमों का स्वामित्व भारतीय निवेशकों के पास है। इन फ्रेंचाइजी ने अपनी आंतरिक नीति के तहत पाकिस्तानी खिलाड़ियों को न खरीदने का फैसला किया है।

नीलामी प्रक्रिया 11 मार्च (महिला खिलाड़ियों) और 12 मार्च (पुरुष खिलाड़ियों) को लंदन में आयोजित होगी। दो दिवसीय इस ऑक्शन में करीब एक हजार खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, भारतीय मालिकों वाली इन चार टीमों के रुख ने पाकिस्तानी क्रिकेटरों की संभावनाओं को सीमित कर दिया है।

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के कार्यकारी अध्यक्ष Richard Gould से जब भारतीय निवेश के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों की भागीदारी पर सवाल किया गया था, तो उन्होंने कहा था कि किसी भी खिलाड़ी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। लेकिन फ्रेंचाइजी स्तर पर लिए गए फैसले ने स्थिति को जटिल बना दिया है।

गौरतलब है कि इससे पहले Indian Premier League के पहले सीजन 2008 में पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, लेकिन बाद में उन्हें लीग से प्रतिबंधित कर दिया गया। वहीं द हंड्रेड में पूर्व में Mohammad Amir, Imad Wasim, Shaheen Afridi, Shadab Khan और Haris Rauf जैसे खिलाड़ी खेल चुके हैं।

साल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में और तनाव बढ़ गया है। इसका असर टी20 विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंटों में भी देखने को मिला, जहां खिलाड़ियों के बीच औपचारिक अभिवादन तक चर्चा का विषय बन गया।

ऐसे में द हंड्रेड लीग की आगामी नीलामी पाकिस्तानी क्रिकेटरों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है। अगर भारतीय स्वामित्व वाली टीमों का यह रुख बरकरार रहता है, तो अंतरराष्ट्रीय टी20 लीगों में पाकिस्तान के खिलाड़ियों की भागीदारी और सीमित हो सकती है। क्रिकेट जगत की नजरें अब 11 और 12 मार्च की नीलामी पर टिकी हैं।

Share This Article